नई दिल्ली: बिल गेट्स ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ में मुख्य भाषण नहीं देंगे। गेट्स फाउंडेशन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर यह जानकारी साझा की।
फाउंडेशन के अनुसार, अफ्रीका एवं भारत कार्यालयों के अध्यक्ष अंकुर वोरा समिट में फाउंडेशन का प्रतिनिधित्व करेंगे और बाद में शिखर सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
फाउंडेशन ने कहा कि गहन विचार-विमर्श के बाद और यह सुनिश्चित करने के लिए कि एआई समिट की प्रमुख प्राथमिकताओं पर पूरा ध्यान केंद्रित रहे, गेट्स ने मुख्य भाषण न देने का निर्णय लिया है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि भारत में साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए फाउंडेशन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उल्लेखनीय है कि माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स वैश्विक तकनीक और परोपकार जगत की प्रमुख हस्तियों में गिने जाते हैं। ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय मंच के रूप में देखा जा रहा है।









