ऊँची इमारत गिराने की परियोजना में शक्तिशाली एक्स्काभेटर का उपयोग

Tata Hitachi EX1200 V

काेलकाता: टाटा हिताची कंस्ट्रक्शन मशीनरी कंपनी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा निर्मित शक्तिशाली ईएक्स १२०० वी खुदाई मशीन का उपयोग एडिफिस इंजीनियरिंग एक अत्यंत चुनौतीपूर्ण ध्वस्तीकरण परियोजना में कर रही है। यह परियोजना हरियाणा में स्थित एक ऊँची इमारत को गिराने के कार्य से संबंधित है। संबंधित सूत्रों के अनुसार, इस मशीन के उपयोग से भारत में ध्वस्तीकरण क्षेत्र में स्वदेशी क्षमताओं में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
टाटा हिताची ने एडिफिस इंजीनियरिंग को ईएक्स १२०० वी खुदाई मशीन के साथ एक विशेष उच्च-पहुँच ध्वस्तीकरण उपकरण भी उपलब्ध कराया है। इस उपकरण के जुड़ने के बाद यह मशीन एशिया में कार्यरत सबसे ऊँची ध्वस्तीकरण मशीनों में से एक बन गई है। ऊँची इमारतों को सुरक्षित और कुशलता से गिराने के लिए इस उपकरण को विशेष रूप से तैयार किया गया है।
मशीन में लगाए गए दूर तक फैलने वाले बूम ढाँचे की सहायता से यह ५१ मीटर की ऊँचाई तक सुरक्षित रूप से कार्य कर सकती है। इसके कारण लगभग १७ मंजिल तक की इमारतों को गिराना संभव हो गया है। ध्वस्तीकरण उपकरण का वजन लगभग ३ टन है। यह अधिक पहुँच और कार्य में लचीलापन प्रदान करता है तथा ऊँची इमारतों को गिराने के दौरान मशीन को अधिक स्थिर और सटीक रूप से काम करने में सहायता देता है।
संचालक इस बूम की सहायता से धीरे-धीरे पहुँच बढ़ाते हुए अधिक ऊँचाई पर भी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए पूर्ण नियंत्रण के साथ ध्वस्तीकरण कार्य कर सकते हैं। इससे कठिन और जोखिमपूर्ण ध्वस्तीकरण कार्यों को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से पूरा करना संभव हो रहा है।
इस प्रकार की परियोजनाओं में टाटा हिताची की मशीन का उपयोग यह दर्शाता है कि अधिक क्षमता वाली खुदाई मशीनों को आधुनिक उपकरणों और अभियांत्रिकी समाधानों की सहायता से बड़े ध्वस्तीकरण कार्यों के लिए प्रभावी रूप से अनुकूल बनाया जा सकता है। मजबूत ढाँचे, बेहतर स्थिरता और शक्तिशाली द्रवचालित प्रणाली के कारण ईएक्स १२०० वी जैसी मशीनें कठिन ध्वस्तीकरण कार्यों के लिए एक भरोसेमंद आधार के रूप में स्थापित हो रही हैं।
कंपनी के विपणन महाप्रबंधक सिद्धार्थ चतुर्वेदी के अनुसार, इस परियोजना में ईएक्स १२०० वी का उपयोग चुनौतीपूर्ण कार्यों में टाटा हिताची की बड़ी खुदाई मशीनों की क्षमता और बहुआयामी उपयोगिता को दर्शाता है। उनके अनुसार ऊँची इमारतों को गिराने जैसे कठिन कार्यों के लिए आवश्यक शक्ति, विश्वसनीयता और स्थिरता को ध्यान में रखकर इन मशीनों को तैयार किया गया है।
भारतीय ध्वस्तीकरण संघ के संस्थापक सदस्य मोहन रामनाथन ने कहा कि भारत में ध्वस्तीकरण क्षेत्र में उच्च-पहुँच तकनीक का उपयोग सुरक्षित, सटीक और प्रभावी कार्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
वहीं एडिफिस इंजीनियरिंग के भागीदार जिगर छेड़ा के अनुसार, ईएक्स १२०० वी के साथ उच्च-पहुँच उपकरण जुड़ने के बाद उनकी कंपनी ऊँची इमारतों को गिराने की चुनौतीपूर्ण परियोजनाओं को अधिक सुरक्षित और बेहतर नियंत्रण के साथ पूरा करने में सक्षम होगी।
भारत के शहर इस समय तेज विकास और पुनर्निर्माण के दौर से गुजर रहे हैं। इसके कारण विशेष क्षमता वाले ध्वस्तीकरण उपकरणों और शक्तिशाली खुदाई मशीनों की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में आधुनिक मशीनों और अभियांत्रिकी समाधानों का उपयोग ध्वस्तीकरण कार्य को अधिक सुरक्षित, तेज और सटीक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

About Author

Advertisement