शिलांग: मेघालय पुलिस ने ढाका पुलिस के उन दावों को सिरे से ख़ारिज कर दिया है जिनमें छात्र नेता शरीफ़ उस्मान हादी की हत्या के संदिग्धों के मेघालय सीमा से भारत भागने की बात कही गई थी।
मेघालय पुलिस की क़ानून-व्यवस्था संभाल रहे आईजी पुलिस डेविस एन मराक ने बीबीसी से कहा, “हमारे पास ऐसी किसी भी बात की जानकारी नहीं है।”
बीबीसी ने बताया है कि मेघालय की पुलिस महानिदेशक इदाशिशा नोंगरांग ने भी एक बयान जारी कर ढाका पुलिस अधिकारियों के उस दावे का खंडन किया है।
पुलिस महानिदेशक ने कहा कि 32 साल के हादी के हत्यारों के ठिकाने के बारे में बांग्लादेश से आ रही रिपोर्टें ग़लत हैं।
उन्होंने एक बयान जारी कर ढाका पुलिस अधिकारी के उस दावे का खंडन किया है, जिसमें कहा गया था कि भगोड़ों के दो कथित साथियों को वेस्ट गारो हिल्स में हिरासत में लिया गया है।
इससे पहले रविवार को ढाका मेट्रोपोलिटन पुलिस ने दावा किया था कि इंक़लाब मंच के संयोजक उस्मान हादी की हत्या के दोनों प्रमुख अभियुक्त मैमनसिंह की हलुआघाट सीमा से होकर भारत भाग गए हैं।
बीबीसी के मुताबिक़, पुलिस ने दावा किया कि अभियुक्त फ़ैसल करीम मसूद और आलमगीर शेख़ ने भारत पहुंचने के बाद पहले पूर्वोत्तर राज्य मेघालय में शरण ली।









