उत्तर कोरिया ने उच्च शक्ति वाले ठोस ईंधन इंजन का परीक्षण किया

IMG-20260329-WA0098

किम जोंग उन ने बताया ‘सामरिक क्षमता बढ़ाने वाला’

सियोल: उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने उच्च शक्ति वाले ठोस ईंधन इंजन का परीक्षण देखा और इसे देश की सामरिक सैन्य क्षमता को बढ़ाने वाला कदम बताया। इस परीक्षण से संकेत मिलता है कि किम अमेरिकी मुख्यभूमि तक पहुंचने में सक्षम मिसाइलों के जखीरे का विस्तार और आधुनिकीकरण करना चाहते हैं।
‘कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी’ (केसीएनए) के अनुसार, किम ने मिश्रित कार्बन फाइबर सामग्री से बने नए उन्नत इंजन का ‘ग्राउंड जेट’ परीक्षण देखा। इस इंजन का अधिकतम थ्रस्ट २,५०० किलोटन बताया गया है, जो सितंबर में इसी तरह के परीक्षण में मापे गए १,९७१ किलोटन से अधिक है।
विशेषज्ञों का कहना है कि इंजन की शक्ति बढ़ाने का यह प्रयास संभवतः एक ही मिसाइल पर कई आयुध लगाने से जुड़ा हो, ताकि अमेरिकी रक्षा प्रणाली को भेदने की संभावना बढ़ सके। केसीएनए ने परीक्षण की सटीक तिथि और स्थान का खुलासा नहीं किया।
अधिकारियों के अनुसार, यह परीक्षण उत्तर कोरिया की पांच वर्षीय सैन्य विस्तार योजना के तहत किया गया। किम ने कहा कि नवीनतम इंजन परीक्षण देश की सामरिक सैन्य ताकत को सर्वोच्च स्तर पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
हाल के वर्षों में उत्तर कोरिया ने विभिन्न प्रकार की अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल (आईसीबीएम) का परीक्षण किया है, जिनमें ठोस प्रणोदक वाली मिसाइलें शामिल हैं, जिन्हें प्रक्षेपण से पहले पकड़ना अधिक कठिन होता है।

किम ने संसद में अपने हालिया भाषण में यह भी कहा था कि वह उत्तर कोरिया को स्थायी परमाणु शक्ति संपन्न देश के रूप में स्थापित करेंगे और ‘‘सबसे बड़े दुश्मन’’ दक्षिण कोरिया के खिलाफ कड़ा रुख बनाए रखेंगे। उन्होंने अमेरिका पर आतंकवाद और आक्रामकता बढ़ाने का भी आरोप लगाया।

About Author

Advertisement