कोलकाता: आगामी होली पर्व को देखते हुए यात्रियों की संभावित भीड़ को संभालने के लिए भारतीय रेलवे ने विभिन्न मार्गों पर विशेष ट्रेन सेवाएं चलाने की व्यवस्था की है। इसी क्रम में, पूर्व रेलवे ने इस वर्ष कुल ९४ ट्रिप होली स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बनाई है, ताकि यात्री बिना किसी परेशानी के अपने गंतव्य तक पहुंच सकें और होली/दोल यात्रा के अवसर पर अपने-अपने घर लौटकर परिवार के साथ त्योहार मना सकें। इसके अलावा, ये होली स्पेशल ट्रेनें पुरी जैसे महत्वपूर्ण तीर्थस्थलों तक आवागमन की सुविधा भी बढ़ाएंगी।
पूर्व रेलवे की इस योजना के तहत ९४ होली स्पेशल ट्रिप में शामिल हैं—
१० ट्रिप कोलकाता–रक्सौल (बरौनी के रास्ते),
०८ ट्रिप कोलकाता–मधुबनी (बरौनी के रास्ते),
२० ट्रिप कोलकाता–गोरखपुर (पटना के रास्ते),
०८ ट्रिप हावड़ा–आनंद विहार (झाझा–किऊल–गया के रास्ते),
०८ ट्रिप हावड़ा–खतिपुरा (झाझा–किऊल–गया के रास्ते),
०२ ट्रिप कोलकाता–न्यू जलपाईगुड़ी,
०८ ट्रिप सियालदह–पुरी।
इसके अतिरिक्त—
०६ ट्रिप आसनसोल–गोरखपुर (पटना के रास्ते),
०८ ट्रिप मालदा टाउन–आनंद विहार (झाझा–किऊल–गया के रास्ते),
०८ ट्रिप मालदा टाउन–उधना (किऊल–गया के रास्ते),
०८ ट्रिप मालदा–मुंबई (किऊल–पटना के रास्ते) चलाने की भी योजना है।
इन विशेष सेवाओं से होली के दौरान यात्रियों का दबाव काफी हद तक कम होने की उम्मीद है और त्योहार मनाने या महत्वपूर्ण तीर्थस्थलों की यात्रा करने के इच्छुक श्रद्धालुओं सहित सभी यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा विकल्प मिलेगा। पूर्व रेलवे यात्रियों की मांग पर कड़ी नजर रखेगा और आवश्यकता पड़ने पर चुनिंदा मार्गों पर अतिरिक्त होली स्पेशल ट्रेनें चलाने के लिए भी तैयार है।










