नई दिल्ली: इराक ने एशियाई व्यापारियों और रिफाइनरों को सूचित किया है कि उसके कच्चे तेल के जहाज अब होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर सकते हैं, क्योंकि ईरान ने इराकी तेल शिपमेंट को प्रतिबंधों से छूट प्रदान की है। इस कदम को खरीदारों के विश्वास की परीक्षा के रूप में देखा जा रहा है।
इराक की स्टेट ऑर्गनाइजेशन फॉर मार्केटिंग ऑफ ऑयल (एसओएमओ) ने रविवार को जारी एक नोटिस में कहा कि इराकी तेल शिपमेंट संभावित प्रतिबंधों से मुक्त हैं और सभी लोडिंग टर्मिनल, जिनमें बसरा भी शामिल है, पूरी तरह संचालित हो रहे हैं। ग्राहकों से २४ घंटे के भीतर जहाजों की जानकारी और तेल की मात्रा सहित लोडिंग शेड्यूल प्रस्तुत करने को कहा गया है।
हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि यह व्यवस्था सभी इराकी तेल जहाजों पर लागू होगी या केवल इराक के स्वामित्व वाले टैंकरों तक सीमित रहेगी। एशियाई खरीदारों ने इस पहल पर सतर्क रुख अपनाते हुए सुरक्षा शर्तों के बारे में स्पष्टता की मांग की है, विशेषकर यह कि क्या इराक स्वयं टैंकर उपलब्ध कराएगा।
उल्लेखनीय है कि होर्मुज जलडमरूमध्य के प्रभावी रूप से बंद होने के बाद इराक के तेल निर्यात पर गंभीर प्रभाव पड़ा था। मार्च में देश का तेल निर्यात लगभग ९७ प्रतिशत घटकर औसतन ९९ हजार बैरल प्रतिदिन रह गया था।
हाल के दिनों में इस महत्वपूर्ण जलमार्ग से जहाजों की आवाजाही में वृद्धि हुई है, हालांकि यह अभी भी युद्ध-पूर्व स्तर से काफी कम है। इराक के पास तुर्की से गुजरने वाली पाइपलाइन के अतिरिक्त निर्यात के सीमित विकल्प हैं, इसलिए होर्मुज जलडमरूमध्य उसके लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बना हुआ है।








