कोलकाता: इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने सोमवार को ग्रुप सी के मुकाबले में इटली क्रिकेट टीम को २४ रन से पराजित करते हुए आईसीसी टी२० विश्व कप के सुपर ८ चरण में प्रवेश कर लिया। इस जीत के साथ इंग्लैंड चार मैचों में छह अंकों के साथ ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहा, जबकि इटली दो अंकों के साथ चौथे स्थान पर है।
ईडन गार्डन्स में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने २० ओवर में सात विकेट पर २०२ रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में २०३ रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इटली की टीम २० ओवर में १७८ रन पर ऑलआउट हो गई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इटली की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने २२ रन तक तीन विकेट गंवा दिए। एंथोनी मोस्का और जेजे स्मट्स खाता भी नहीं खोल सके, जबकि कप्तान हैरी मानेती ने १२ रन बनाए।
खराब शुरुआत के बाद बेन मानेती ने पारी को संभालने का प्रयास किया। उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टीम को मुकाबले में बनाए रखा और ग्रांट स्टीवर्ट के साथ चौथे विकेट के लिए ९२ रन की साझेदारी की। बेन ने २५ गेंदों पर छह छक्के और चार चौकों की मदद से ६० रन बनाए। वह १२वें ओवर में आउट हुए, जिसके बाद इटली की पारी लड़खड़ा गई। स्टीवर्ट ने २३ गेंदों पर पांच छक्कों और दो चौकों की सहायता से 45 रन बनाए।
इंग्लैंड की ओर से जेमी ओवरटन और जेमी स्मिथ ने तीन-तीन विकेट लिए।
इससे पहले इंग्लैंड की पारी की शुरुआत भी उतार-चढ़ाव भरी रही। टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और एक समय उसका स्कोर पांच विकेट पर १०५ रन था। संकट की घड़ी में सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे विल जैक्स ने तेज अर्धशतक जड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उन्होंने २२ गेंदों पर चार छक्कों और तीन चौकों की मदद से नाबाद ५३ रन बनाए।
जैक्स ने सैम करन और जेमी ओवरटन के साथ मिलकर अंतिम पांच ओवर में ७८ रन जोड़े। इंग्लैंड की ओर से टॉम बेंटन ने ३०, फिल सॉल्ट ने २८, सैम करन ने २५, जैकब बेथेल ने २३ और ओवरटन ने १५ रन का योगदान दिया।
इटली की ओर से ग्रांट स्टीवर्ट और क्रिशान कालुगामागे ने दो-दो विकेट लिए। शानदार पारी के लिए विल जैक्स को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।










