लंदन: इंग्लिश प्रीमियर लीग फुटबॉल प्रतियोगिता में मैनचेस्टर सिटी ने रोमांचक जीत दर्ज की। रविवार रात लीग की दो हाई-प्रोफाइल टीमों के बीच खेले गए मुकाबले में मैनचेस्टर सिटी ने लिवरपूल को २-१ से पराजित किया। अपने घरेलू मैदान एनफील्ड में मिली इस हार ने लिवरपूल के आत्मविश्वास को निश्चित रूप से झटका दिया है।
मैच बेहद रोमांचक रहा और पहले हाफ में दोनों टीमें गोल करने में असफल रहीं। दूसरे हाफ में लिवरपूल ने बढ़त बनाई। डोमिनिक सोबोस्लाई ने ७४वें मिनट में फ्री-किक से शानदार गोल कर घरेलू टीम को बढ़त दिलाई।
इसके बाद एर्लिंग हालांड के बेहतरीन असिस्ट पर बर्नार्डो सिल्वा ने ८४वें मिनट में गोल कर स्कोर १-१ से बराबर कर दिया। अंततः इंजरी टाइम के तीसरे मिनट में हालांड ने पेनल्टी से गोल कर मैनचेस्टर सिटी को जीत दिलाई।
मैच के अंतिम क्षणों (इंजरी टाइम के १३वें मिनट में अनावश्यक फाउल के लिए डोमिनिक सोबोस्लाई को रेड कार्ड दिखाया गया।
इस रोमांचक जीत के बाद मैनचेस्टर सिटी २५ मैचों में ५० अंकों के साथ प्रीमियर लीग अंक तालिका में दूसरे स्थान पर बनी हुई है। वहीं, पिछली सीज़न की चैंपियन लिवरपूल ३९ अंकों के साथ छठे स्थान पर है।
लीग के एक अन्य मुकाबले में क्रिस्टल पैलेस ने ब्राइटन को १-० से हराया।










