नई दिल्ली: १ मार्च का दिन देश-दुनिया के इतिहास में बहुत महत्वपूर्ण है। आज ही के दिन साल १९५४ में अमेरिका ने हाइड्रोजन बम का टेस्ट किया था। साल १९९४ में कनाडा के गायक जस्टिन बीबर का जन्म हुआ था। बीबर ने कम उम्र में ही दुनिया भर में अपने करोड़ों फैंस बना लिए।
अमेरिका ने एक मार्च १९५४ को हाइड्रोजन बम का परीक्षण किया और यह मानव इतिहास में उस समय तक का सबसे बड़ा विस्फोट था। इसकी ताकत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यह हिरोशिमा को नष्ट करने वाले परमाणु बम से हजार गुना ज्यादा शक्तिशाली था।
देश-दुनिया के इतिहास में एक मार्च की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:
१६४०: ब्रिटेन को मद्रास में बिजनेस सेंटर बनाने की इजाजत मिली।
१७७५: अंग्रेजी हुकूमत और नाना फडनवीस के बीच पुरंधर की संधि पर हस्ताक्षर।
१८७२: अमेरिका में दुनिया का पहला राष्ट्रीय पार्क स्थापित किया गया।
पश्चिमी अमेरिका में स्थित येलोस्टोन नेशनल पार्क को १९७८ में यूनेस्को ने विश्व धरोहर का दर्जा दिया।
१९१९: महात्मा गांधी ने रॉलट एक्ट के खिलाफ सत्याग्रह शुरू करने की इच्छा जाहिर की।
१९५४: अमेरिका ने बिकिनी द्वीप पर हाइड्रोजन बम का परीक्षण किया। इसे मानव इतिहास का उस समय तक का सबसे शक्तिशाली विस्फोट बताया गया।
१९६२: पाकिस्तान के राष्ट्रपति मोहम्मद अयूब खान ने नया संविधान अंगीकार करने का ऐलान किया, जिसमें देश में राष्ट्रपति के नेतृत्व वाली शासन प्रणाली की हिमायत की गई।
१९६९: पहली सुपरफास्ट ट्रेन राजधानी एक्सप्रेस नयी दिल्ली और कलकत्ता (अब कोलकाता) के बीच चलाई गई।
१९७३: फलस्तीन के सशस्त्र समूह ब्लैक सैपटैंबर ने खारतूम में सऊदी अरब के दूतावास पर कब्जा कर लिया और वहां मौजूद राजनयिकों को बंधक बना लिया।
१९९४: कनाडा के गायक जस्टिन बीबर का जन्म। बीबर ने बहुत छोटी उम्र में ही अपने गायन से दुनियाभर में अपने करोड़ों प्रशंसक बना लिए।
१९९८: नौवीं पंचवर्षीय योजना का खाका जारी किया गया।२००३: पाकिस्तान में अधिकारियों ने खालिद शेख मोहम्मद को गिरफ्तार किया, जिसे अलकायदा का शीर्ष सदस्य माना जाता था और जिसने अमेरिका पर २००१ में ११ सितंबर को हुए आतंकी हमले की योजना बनाई थी।
२००६: अमेरिकी राष्ट्रपति जार्ज डब्ल्यू बुश भारत की राजकीय यात्रा पर पहुंचे।
२००७: अमूल्य नाथ शर्मा नेपाल के पहले बिशप बने।
२०१०: हॉकी विश्व कप के पहले मैच में भारत ने पाकिस्तान को ४-१ से मात दी।










