नई दिल्ली: आईपीएल २०२६ से पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने बल्लेबाजी क्रम में बड़े बदलाव के संकेत दिए हैं। टीम के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने खुलासा किया है कि इस सीजन ओपनिंग जोड़ी पूरी तरह नई होगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि युवा बल्लेबाज़ आयुष म्हात्रे इस बार पारी की शुरुआत नहीं करेंगे। उनकी जगह भारत के स्टार बल्लेबाज़ संजू सैमसन कप्तान के साथ ओपनिंग करेंगे। इस तरह इस सीजन टीम की शुरुआत गायकवाड़ और सैमसन की जोड़ी करेगी।
पिछले सीजन में टीम के लिए ओपनिंग करने वाले म्हात्रे के इस बार बाहर बैठने की संभावना जताई जा रही है। उन्हें तीसरे नंबर पर भी मौका मिलने की संभावना कम मानी जा रही है, क्योंकि टीम प्रबंधन इस स्थान पर एक आक्रामक बल्लेबाज़ को उतारकर संतुलन बनाना चाहता है। ऐसे में सरफराज खान या उर्विल पटेल में से किसी एक को मौका मिल सकता है।
ऑलराउंडर शिवम दुबे चौथे नंबर पर उतर सकते हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका के आक्रामक बल्लेबाज़ डेवाल्ड ब्रेविस पांचवें स्थान पर खेल सकते हैं। छठे नंबर पर प्रशांत वीर के खेलने की संभावना जताई गई है, जबकि कार्तिक शर्मा को इम्पैक्ट खिलाड़ी के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है।
टीम के अनुभवी खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी सातवें या आठवें स्थान पर परिस्थितियों के अनुसार बल्लेबाजी कर सकते हैं। इस तरह टीम का बल्लेबाजी क्रम मजबूत नजर आ रहा है।
गेंदबाजी में नूर अहमद, मैट हेनरी, अंशुल कंबोज और खलील अहमद जैसे खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना है।
पिछला सीजन टीम के लिए निराशाजनक रहा था, जिसके बाद कई खिलाड़ियों को बाहर किया गया। अब टीम ने युवा और आक्रामक खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है।
पूर्व क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने भी ओपनिंग जोड़ी को लेकर कहा कि गायकवाड़ और सैमसन दोनों ही गुणवत्ता वाले बल्लेबाज़ हैं—एक तकनीक से रन बनाता है, तो दूसरा आक्रामक अंदाज़ में खेलता है।
आईपीएल २०२६ में चेन्नई का पहला मुकाबला ३० मार्च को राजस्थान के खिलाफ खेला जाएगा।










