नई दिल्ली: आईपीएल २०२६ से पहले दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल टीम के साथ तैयारी में जुटे हुए हैं। इसी बीच अनुभवी बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने उन्हें कप्तानी को लेकर अहम सलाह दी है।
पुजारा के अनुसार, अक्षर का शांत स्वभाव टीम के लिए फायदेमंद है, लेकिन इसे लापरवाही में बदलने से बचना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आईपीएल जैसे हाई-प्रेशर टूर्नामेंट में छोटे-छोटे फैसले भी टीम के प्रदर्शन को प्रभावित कर सकते हैं।
पुजारा ने अक्षर की संयमित और शांत व्यक्तित्व की सराहना करते हुए कहा कि यह गुण कप्तान के लिए बहुत महत्वपूर्ण है, लेकिन जरूरत से ज्यादा सहजता कभी-कभी नुकसान भी पहुंचा सकती है।
उल्लेखनीय है कि आईपीएल २०२५ में दिल्ली कैपिटल्स ने अक्षर की कप्तानी में अच्छी शुरुआत की थी और शुरुआती चार मैच जीते थे। टीम प्लेऑफ की ओर मजबूत स्थिति में दिख रही थी, लेकिन बाद में फॉर्म गिरने के कारण वह क्वालिफाई नहीं कर सकी।
पुजारा ने खास तौर पर मोमेंटम बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अच्छी शुरुआत के बाद निरंतर प्रदर्शन बनाए रखना सबसे जरूरी है, और कप्तान को इसी दिशा में काम करना चाहिए।









