नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड ने इंडियन प्रीमियर लीग के १९वें संस्करण के पहले चरण का कार्यक्रम जारी कर दिया है। प्रतियोगिता २८ मार्च से शुरू होकर १२ अप्रैल तक चलेगी।
पहला मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में गत विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा।
कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने के कारण प्रतियोगिता का कार्यक्रम देर से जारी किया गया है और इसे दो चरणों में आयोजित किया जा रहा है। जिन राज्यों में मैच खेले जाने हैं उनमें पश्चिम बंगाल, असम और तमिलनाडु शामिल हैं। इन राज्यों में चुनाव की तिथियाँ अभी घोषित नहीं हुई हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्स का घरेलू मैदान कोलकाता और चेन्नई सुपर किंग्स का घरेलू मैदान चेन्नई है। वहीं गुवाहाटी, राजस्थान रॉयल्स का जयपुर के बाद दूसरा घरेलू मैदान है।
प्रतियोगिता का दूसरा मुकाबला मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुंबई में खेला जाएगा। पहले सप्ताह में एक दिन में दो मुकाबले नहीं रखे गए हैं। पहले चरण में कुल २० मैच खेले जाएंगे और दसों टीमें चार-चार मैच खेलेंगी।
पहले चरण का अंतिम मुकाबला १२ अप्रैल को मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला जाएगा। पिछले सत्र में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने फाइनल में पंजाब किंग्स को हराकर पहली बार खिताब जीता था।









