आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा सौदा: राजस्थान रॉयल्स १.६३ अरब डॉलर में बिकी

IMG-20260324-WA0102

नई दिल्ली: आईपीएल २०२६ सीजन शुरू होने से पहले ही राजस्थान रॉयल्स को नया मालिक मिल गया है। अमेरिकी मूल के व्यवसायी काल सोमानी ने इस फ्रेंचाइजी को खरीद लिया है। यह सौदा १.६३ अरब डॉलर (लगभग १५,२९० करोड़ रुपये) में हुआ है, जो आईपीएल इतिहास का अब तक का सबसे महंगा सौदा माना जा रहा है।
हालांकि यह स्वामित्व परिवर्तन आईपीएल २०२६ सीजन के बाद प्रभावी होगा। यानी आगामी सीजन में टीम का संचालन मौजूदा मालिकों के पास ही रहेगा।
दिग्गज कमेंटेटर हर्षा भोगले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस सौदे की जानकारी साझा करते हुए लिखा कि राजस्थान रॉयल्स १.६३ अरब अमेरिकी डॉलर में बिक गई है। इस खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने इसे आईपीएल के लिए “बेहद सकारात्मक और बड़ी उपलब्धि” बताया। उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा चौंकाने वाला है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, काल सोमानी पिछले १५ वर्षों से एड-टेक, डेटा प्राइवेसी, एआई गवर्नेंस और स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में सक्रिय हैं। खेलों में उनकी रुचि पहले से रही है। वे इससे पहले मोटर सिटी गोल्फ क्लब में सह-स्वामित्व रखते हैं और टीएमआरडब्ल्यू स्पोर्ट्स तथा टीजीएल गोल्फ लीग में निवेश कर चुके हैं।
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, यह सौदा भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की मंजूरी के अधीन है और २०२६ सीजन के बाद लागू होगा।
इसी बीच, आईपीएल की एक अन्य प्रमुख फ्रेंचाइजी और मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के भी बिक्री के लिए उपलब्ध होने की चर्चा है। अनुमान है कि यह सौदा २ अरब डॉलर से अधिक का हो सकता है।

About Author

Advertisement