गुवाहाटी: असम के मध्य भाग में सोमवार तड़के ५.१ तीव्रता का भूकंप आया। अधिकारियों ने बताया कि किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की तत्काल कोई जानकारी नहीं मिली है।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, भूकंप ब्रह्मपुत्र नदी के दक्षिणी तट पर मोरीगांव जिले में तड़के ४.१७ बजे, ५० किलोमीटर की गहराई में आया। इसका केंद्र मध्य असम में २६.३७ उत्तरी अक्षांश और ९२.२९ पूर्वी देशांतर पर स्थित था।
भूकंप के झटके कई जिलों में महसूस किए गए
भूकंप के झटके कामरूप महानगर, नगांव, पूर्वी और पश्चिमी कार्बी आंगलोंग, होजाई, दीमा हसाओ, गोलाघाट, जोरहाट, शिवसागर, चराइदेव, कछार, करीमगंज, हैलाकांडी, धुबरी, दक्षिण शालमारा-मानकाचर और ग्वालपाड़ा जिलों में महसूस किए गए।
ब्राह्मपुत्र नदी के उत्तरी तट पर दर्रांग, तामुलपुर, सोनितपुर, कामरूप, बिश्वनाथ, उदलगुड़ी, नलबाड़ी, बजाली, बारपेटा, बक्सा, चिरांग, कोकराझार, बोंगाईगांव और लखीमपुर जिलों में भी झटके दर्ज किए गए।
पड़ोसी राज्यों और बांग्लादेश में भी झटके
भूकंप के झटके अरुणाचल प्रदेश के मध्य-पश्चिमी हिस्सों, पूरे मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में भी महसूस किए गए। इसके अलावा मध्य-पूर्वी भूटान, चीन के कुछ हिस्सों और बांग्लादेश में भी झटके महसूस किए गए। भूकंप के झटकों के कारण लोग घरों से बाहर खुले स्थानों की ओर भाग निकले। पूर्वोत्तर क्षेत्र उच्च भूकंपीय क्षेत्र में आता है और इसलिए यह भूकंप के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है।










