गुवाहाटी: अंतरराष्ट्रीय निर्वाचन आगंतुक कार्यक्रम के तहत सात देशों के चुनाव प्रबंधन निकायों के 12 विदेशी प्रतिनिधि और भारत निर्वाचन आयोग के 3 प्रतिनिधि बुधवार को गुवाहाटी स्थित लोकप्रिया गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुँचे।
दो दिवसीय इस दौरे का उद्देश्य वैश्विक स्तर पर चुनावी सहयोग को बढ़ावा देना और निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं का अवलोकन करना है। दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल मतदान प्रक्रिया, प्रशासनिक व्यवस्था और चुनाव प्रबंधन से जुड़े विभिन्न तंत्रों का नजदीकी अध्ययन करेगा।
अधिकारियों के अनुसार, यह कार्यक्रम लोकतांत्रिक प्रणाली में पारदर्शिता और पारस्परिक सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे सहभागी देशों को अनुभव साझा करने और बेहतर चुनावी प्रक्रियाओं को अपनाने का अवसर मिलेगा।










