पार्थ: अष्ट्रेलिया ने डे-नाइट महिला टेस्ट मैच में अपना दबदबा कायम रखते हुए रविवार को तीसरे दिन भारत को १० विकेट से आसानी से हरा दिया।
मैच में भारत ने अपनी पहली पारी में १९८ रन बनाए थे। इसके जवाब में अष्ट्रेलिया ने एनाबेल सदरलैंड के शतक (१२९) की बदौलत ३२३ रन बनाए और पहली पारी के आधार पर १२५ रन की बढ़त हासिल कर ली।
भारत अपनी दूसरी पारी में केवल १४९ रन ही बना सका, जिसके बाद अष्ट्रेलिया को जीत के लिए महज़ २५ रन का लक्ष्य मिला। अष्ट्रेलिया ने बिना कोई विकेट खोए २८ रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।
अष्ट्रेलिया की दूसरी पारी में जॉर्जिया वोल ने नाबाद १६ और फोएबे लिचफील्ड ने नाबाद ११ रन बनाए।
यह अष्ट्रेलियाई कप्तान एलिसा हीली के लिए यादगार विदाई रही। उन्होंने अपने करियर का अंत उसी टीम के ख़िलाफ़ शानदार जीत के साथ किया, जिसके ख़िलाफ़ उनका प्रदर्शन हमेशा बेहतरीन रहा है।
रविवार को भारतीय टीम अपनी दूसरी पारी में ६ विकेट पर १०५ रन से आगे खेलते हुए ४८.२ ओवर में १४९ रन पर ऑल आउट हो गई।
भारत की दूसरी पारी में प्रतीका रावल ने १३७ गेंदों में सबसे ज़्यादा ६३ रन बनाए। इसके अलावा स्नेह राणा ने ३० रन का योगदान दिया।
अष्ट्रेलिया की ओर से लूसी हैमिल्टन ने सबसे अधिक ३ विकेट लिए। इसके अलावा सदरलैंड, अलाना किंग और एश्ले गार्डनर ने दो-दो विकेट हासिल किए।









