कोलकाता: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अवैध रेत और कोयला तस्करी से जुड़े मामलों की जांच के तहत मंगलवार को पश्चिम बंगाल और दिल्ली में एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी की। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय सशस्त्र बलों के सहयोग से ईडी की टीमें सुबह करीब साढ़े छह बजे से दिल्ली, कोलकाता, आसनसोल, दुर्गापुर और पश्चिम बर्धमान जिले के विभिन्न इलाकों में तलाशी अभियान चला रही हैं।
तलाशी लिए गए परिसरों में आसनसोल के बुदबुद पुलिस थाने के नवनियुक्त प्रभारी अधिकारी (ओसी) मनोरंजन मंडल का आवास भी शामिल है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ये छापे अवैध रेत और कोयला व्यापार से जुड़े मामलों की जांच के तहत किए जा रहे हैं।
मनोरंजन मंडल को पिछले वर्ष भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद निलंबित किया गया था, जब वे बाराबानी पुलिस थाने में तैनात थे। बाद में उन्हें आसनसोल पुलिस की विशेष शाखा से संबद्ध किया गया था। उन्होंने अभी तक बुदबुद थाने में औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। ईडी की कार्रवाई के बाद उनकी हालिया तैनाती भी जांच के दायरे में आ गई है।
ईडी ने क्षेत्र के कई रेत और कोयला व्यापारियों के घरों और कार्यालयों पर भी छापे मारे। दुर्गापुर के सेपको इलाके में ‘केके मिनरल्स’ के मालिक एवं रेत व्यापारी प्रबीर दत्ता और उनके भाई अमित दत्ता के आवासों की तलाशी ली गई। यह कंपनी बांकुड़ा तथा पश्चिम और पूर्व बर्धमान जिलों में रेत खदानों का संचालन करती है।
इसके अलावा पानागढ़ में रेत व्यापारी शेख हासिम मिर्जा बेग, अंडाल के भक्तारनगर में शेख किरण मंडल और पांडाबेश्वर में कोयला व्यापारी शेख मैजुल के घरों पर भी तलाशी अभियान चलाया गया। कोलकाता और दिल्ली में अन्य स्थानों पर भी छापेमारी जारी रहने की सूचना है।
सूत्रों ने बताया कि यह मामला ईडी द्वारा जांच किए जा रहे एक अन्य कथित कोयला घोटाले से अलग है, जिसमें हाल ही में कोलकाता स्थित राजनीतिक परामर्श कंपनी ‘आई-पैक’ के कार्यालयों पर छापा मारा गया था।










