अरिजीत ने सिंगिंग को कहा अलविदा

hqdefault

मुंबई: देश के सबसे लोकप्रिय गायकों में शामिल अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने का एलान कर संगीत जगत को चौंका दिया है। मंगलवार शाम सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने संदेश में उन्होंने कहा कि वे अब फ़िल्मों के लिए गीत नहीं गाएंगे, हालांकि संगीत से उनका रिश्ता बना रहेगा।
अरिजीत सिंह के इस फैसले के पीछे रचनात्मक स्वतंत्रता और फ़िल्म निर्माण की ओर बढ़ता झुकाव बताया जा रहा है। उनसे जुड़े लोगों के अनुसार, अरिजीत लंबे समय से फ़िल्ममेकिंग में सक्रिय भूमिका निभाना चाहते थे और अब वे उसी दिशा में पूरा ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
फ़िल्मकार अनुराग बसु, जिनकी कई फ़िल्मों में अरिजीत ने यादगार गीत गाए, कहते हैं कि यह फैसला उनके लिए चौंकाने वाला नहीं है। उनके अनुसार, अरिजीत सिर्फ़ गायक नहीं, बल्कि एक बहुआयामी कलाकार हैं और जीवन में कुछ अलग करने की चाह हमेशा से रखते हैं।
बीबीसी को सूत्रों से जानकारी मिली है कि अरिजीत सिंह अपनी पहली हिंदी फ़िल्म के निर्देशन पर काम शुरू कर चुके हैं। यह एक जंगल एडवेंचर फ़िल्म होगी, जिसमें नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी मुख्य भूमिका में नज़र आएंगे। फ़िल्म की शूटिंग पश्चिम बंगाल के शांति निकेतन क्षेत्र में चल रही है। इस फ़िल्म की पटकथा अरिजीत और उनकी पत्नी कोयल सिंह ने मिलकर लिखी है।
मुंबई से दूर रहना अरिजीत की जीवनशैली का हिस्सा रहा है। वे ज़्यादातर समय पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में अपने परिवार के साथ रहते हैं, जहां उन्होंने अपने घर में ही रिकॉर्डिंग स्टूडियो स्थापित किया है। यहीं से वे संगीत निर्माण, अपनी म्यूज़िक कंपनी और फ़िल्म प्रोडक्शन हाउस का संचालन करते हैं।
अरिजीत सिंह ने २००५ में रियलिटी शो फ़ेम गुरुकुल से अपने करियर की शुरुआत की थी। २०११ में फ़िल्म मर्डर १ के गीत ‘फिर मोहब्बत’ से उन्हें पहचान मिली, जबकि आशिकी २ के सुपरहिट गीत ‘तुम ही हो’ ने उन्हें इंडस्ट्री के शीर्ष गायकों की कतार में खड़ा कर दिया।
अब तक वे ‘चन्ना मेरेया’, ‘कबीरा’, ‘इलाही’, ‘केसरिया’ जैसे सैकड़ों हिट गीतों को अपनी आवाज़ दे चुके हैं। उन्हें दो राष्ट्रीय पुरस्कार, आठ फ़िल्मफ़ेयर पुरस्कार और २०२५ में पद्मश्री से सम्मानित किया जा चुका है।
हालांकि प्लेबैक सिंगिंग को अलविदा कहने के बावजूद अरिजीत ने स्पष्ट किया है कि वे संगीत बनाते रहेंगे और रचनात्मक दुनिया में सक्रिय बने रहेंगे।

About Author

Advertisement