सिएटल: अमेरिका के सिएटल शहर प्रशासन ने २०२३ में एक सड़क दुर्घटना में मारी गई भारतीय छात्रा जाह्नवी कंदुला के परिवार के साथ २.९ करोड़ अमेरिकी डॉलर (लगभग २६२ करोड़ रुपये) के मुआवज़े पर समझौता किया है।
२३ वर्षीय जाह्नवी कंदुला को एक पुलिस अधिकारी की तेज रफ्तार गाड़ी ने उस समय टक्कर मार दी थी, जब वह मादक पदार्थ से संबंधित कॉल पर कार्रवाई के लिए जा रहा था। घटना के समय वाहन ४० किमी प्रति घंटा की निर्धारित सीमा वाले क्षेत्र में ११९ किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलाया जा रहा था।
सिएटल सिटी अटॉर्नी एरिका इवांस ने बयान जारी कर कहा कि “जाह्नवी की मौत बेहद दुखद है और यह वित्तीय समझौता परिवार को कुछ हद तक सांत्वना दे सके, यही हमारी उम्मीद है।”
जाह्नवी नॉर्थईस्टर्न यूनिवर्सिटी के सिएटल परिसर में सूचना प्रणाली (इन्फॉर्मेशन सिस्टम्स) में मास्टर डिग्री की छात्रा थीं। घटना के बाद व्यापक विरोध प्रदर्शन हुए थे, खासकर तब जब एक अन्य अधिकारी की बॉडी कैमरा रिकॉर्डिंग में कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां सामने आईं।
मामले में संबंधित अधिकारी को सेवा से बर्खास्त किया गया था। हालांकि अभियोजकों ने गंभीर आपराधिक आरोप दायर करने से इनकार कर दिया था। समझौते की राशि का बड़ा हिस्सा शहर की बीमा पॉलिसी से कवर होने की संभावना है।









