पेरिस: फ्रांस के विदेश मंत्री ने मंगलवार को कहा कि पेरिस में तैनात शीर्ष अमेरिकी राजनयिक को समन के तहत स्पष्टीकरण देना होगा। ऐसा न करने पर उन्हें फ्रांसीसी सरकारी अधिकारियों से मिलने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
फ्रांसीसी अधिकारियों ने सोमवार शाम को राजदूत चार्ल्स कुशनर को बुलाया था। कुशनर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद और सलाहकार जेरड कुशनर के पिता हैं। अमेरिकी राजदूत को ट्रंप प्रशासन की उन टिप्पणियों पर बुलाया गया था, जिन पर फ्रांस ने आपत्ति जताई थी। हालांकि, बैठक में कुशनर उपस्थित नहीं हुए।
फ्रांस के विदेश मंत्री ज्यां-नोइल बैरो ने इसे ‘हैरानी भरा कदम’ बताया और कहा कि यह राजनयिक प्रोटोकॉल का उल्लंघन है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक कुशनर स्पष्टीकरण नहीं देंगे, तब तक उन्हें फ्रांसीसी अधिकारियों से मिलने की अनुमति नहीं होगी।
बैरो ने कहा, “कुशनर खुद ही मुसीबत मोल ले रहे हैं, क्योंकि एक राजदूत को अपना काम करने के लिए सरकार के सदस्यों तक पहुंच जरूरी होती है।”









