अमेरिका के खिलाफ एकजुट हो रहा यूरोप

images (1)

यूरोपीय संघ अमेरिका के साथ व्यापारिक अनुबंध खत्म करने की तैयारी में

नुउक/ब्रसेल्स: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ग्रीनलैंड पर कब्जे की धमकी देने और इसका विरोध करने वाले यूरोपीय देशों पर १० प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा के बाद यूरोप में तीव्र आक्रोश फैल गया है। इस मुद्दे पर यूरोपीय देश एकजुट होते नजर आ रहे हैं। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों सदस्य देशों को अमेरिका के खिलाफ साझा रुख अपनाने के लिए सक्रिय प्रयास कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, यूरोपीय संघ (ईयू) के सांसद अब अमेरिका के साथ हुए व्यापारिक समझौते को मंजूरी न देने की तैयारी में हैं। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए यूरोपीय संघ के अध्यक्ष देश साइप्रस ने ब्रसेल्स स्थित यूरोपीय संघ मुख्यालय में यूरोपीय संघ के राजदूतों की आपात बैठक बुलाई है।
इसी बीच अमेरिका ने उन आठ यूरोपीय देशों पर १० प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा कर दी, जिन्होंने ग्रीनलैंड पर अमेरिकी कब्जे की धमकी का विरोध किया था। इससे ग्रीनलैंड के नागरिकों में राष्ट्रपति ट्रंप के प्रति नाराजगी और अधिक बढ़ गई है।
यूरोपियन पीपुल्स पार्टी (ईपीपी) के अध्यक्ष मैनफ्रेड वेबर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि ग्रीनलैंड को लेकर ट्रंप की धमकियों के कारण अमेरिका के साथ किसी भी व्यापारिक समझौते को मंजूरी देना संभव नहीं है।
ग्रीनलैंड में अब तक का सबसे बड़ा विरोध प्रदर्शन:
ग्रीनलैंड में ट्रंप के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए हैं। शनिवार को हजारों लोग राजधानी नुउक के डाउनटाउन से रैली निकालते हुए अमेरिकी वाणिज्य दूतावास तक पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय ध्वज लहराए और अमेरिका विरोधी पोस्टर थामे हुए थे। पुलिस के अनुसार, यह अब तक का सबसे बड़ा प्रदर्शन है, जिसमें नुउक की लगभग एक-चौथाई आबादी शामिल हुई।
प्रदर्शनकारियों के हाथों में ‘ग्रीनलैंड बिक्री के लिए नहीं है’ जैसे नारे लिखे बैनर थे, जिनमें राष्ट्रपति ट्रंप और अमेरिका के खिलाफ तीखी नाराजगी दिखाई दी।
यूरोपीय संघ की आपात बैठकः
ट्रंप के फैसलों को लेकर यूरोपीय संघ के अध्यक्ष देश साइप्रस ने राजदूतों की आपात बैठक बुलाई है। कई सांसदों का कहना है कि हालात ऐसे बन गए हैं कि यूरोपीय संघ और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते की प्रक्रिया भी रुक सकती है। इस मुद्दे पर ब्रिटेन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी तरह का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। इटली ने भी अमेरिकी टैरिफ धमकी को अनुचित बताया है।
आठ यूरोपीय देशों पर टैरिफ
राष्ट्रपति ट्रंप ने डेनमार्क, नॉर्वे, स्वीडन, फ्रांस, जर्मनी, यूनाइटेड किंगडम, नीदरलैंड और फिनलैंड पर १० प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा की है, जो १ फरवरी से लागू होगा। ट्रंप ने चेतावनी दी है कि यदि ग्रीनलैंड को लेकर अमेरिका के साथ समझौता नहीं हुआ, तो १ जून से टैरिफ बढ़ाकर २५ प्रतिशत कर दिया जाएगा।

About Author

Advertisement