बाेले: मोदी सरकार का रिपोर्ट कार्ड भी सामने लाएं
कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हालिया भाषण को “झूठ का पुलिंदा” बताया है और उनसे खुली बहस करने की चुनौती दी है।
अभिषेक बनर्जी ने कहा कि अगर अमित शाह तैयार हों तो वे केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार के १२ वर्षों के कामकाज और पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार के १४ वर्षों के कामकाज की तुलना करने के लिए बहस कर सकते हैं।
उन्होंने कहा, “आप मोदी सरकार के १२ साल का रिपोर्ट कार्ड लाइए और मैं दीदी की 14 साल की सरकार का रिपोर्ट कार्ड लाऊंगा। तब पता चल जाएगा कि जनता के लिए किसने ज्यादा काम किया है।”
अमित शाह की उस टिप्पणी का जवाब देते हुए, जिसमें उन्होंने कहा था कि पश्चिम बंगाल पर आठ लाख करोड़ रुपये का कर्ज है, अभिषेक बनर्जी ने केंद्रीय आंकड़ों का हवाला दिया।
उन्होंने कहा, “२०१४ में जब नरेन्द्र मोदी सरकार सत्ता में आई थी, तब देश का कुल कर्ज ५६ लाख करोड़ रुपये था। आज यह बढ़कर १९७ लाख करोड़ रुपये हो गया है।”
उन्होंने यह भी कहा कि अमित शाह ने दावा किया था कि बंगाल में पैदा होने वाले हर बच्चे पर ७७ हजार रुपये का कर्ज है, जबकि वास्तविकता यह है कि मोदी सरकार के शासन में भारत में पैदा होने वाले हर बच्चे पर करीब १.४४ लाख रुपये का कर्ज है।
अभिषेक बनर्जी ने कहा, “मैं केंद्र सरकार को चुनौती देता हूं कि या तो मुझे गलत साबित करे या फिर देश के लोगों से माफी मांगे।”
उन्होंने अपनी चुनावी जीत का उल्लेख करते हुए कहा कि वे जनता के बीच तीन बार चुनाव जीत चुके हैं- ७१ हजार, ३.२२ लाख और ७.११ लाख वोटों के अंतर से।
इस दौरान उन्होंने अमित शाह के बेटे जय शाह के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अध्यक्ष बनने पर भी सवाल उठाया।
उन्होंने कहा, “मैंने जनता की अग्निपरीक्षा तीन बार दी है। मैं अमित शाह से पूछना चाहता हूं कि उनके बेटे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद का अध्यक्ष बनने के लिए कौन सी अग्निपरीक्षा दी थी?”
‘भाजपा की यात्राएं केवल दिखावा’
अभिषेक बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी की यात्राओं को भी “दिखावा” बताया।
उन्होंने कहा कि अमित शाह भाजपा की रथ यात्रा का उद्घाटन करने बंगाल आए थे, लेकिन अब उस यात्रा की स्थिति यह है कि वह लगभग खत्म हो चुकी है।
उनके मुताबिक, “गाड़ी में ड्राइवर और तीन-चार लोगों के अलावा उनका उत्साह बढ़ाने वाला कोई नहीं है। वे बंगाल में सिर्फ दिखावा करने आए थे, लेकिन अब उनकी रैलियों में ही असली दिखावा दिखाई दे रहा है।”
महिला सुरक्षा पर भाजपा शासित राज्यों को घेरा
अभिषेक बनर्जी ने राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़ों का हवाला देते हुए भाजपा शासित राज्यों में महिला सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार बलात्कार और दहेज हत्या जैसे महिलाओं के खिलाफ अपराधों के मामलों में उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान शीर्ष पर हैं।
उन्होंने कहा, “महिलाओं के खिलाफ अपराधों में पहला, दूसरा और तीसरा स्थान भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकारों को जाता है।”
अभिषेक बनर्जी ने यह भी कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन आने वाली दिल्ली में भी महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले अधिक हैं।









