अफगानिस्तान को हराकर भारत अंडर-१९ विश्व कप के फाइनल में

IMG-20260205-WA0001

हरारे: भारत ने अफगानिस्तान को ७ विकेट से हराकर आईसीसी अंडर-१९ विश्व कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। शुक्रवार को खेले जाने वाले फाइनल में भारत का मुकाबला इंग्लैंड से होगा। बुधवार को खेले गए सेमीफाइनल में जीत के साथ ही भारत ने रिकॉर्ड छठी बार खिताब जीतने की दिशा में कदम बढ़ाया। भारत इससे पहले पांच बार खिताब जीत चुका है।
हरारे स्पोर्ट्स क्लब में बुधवार को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने ५० ओवर में ४ विकेट खोकर ३१० रन बनाए। जवाब में भारत ने ५३ गेंद शेष रहते हुए ३ विकेट पर ३११ रन का लक्ष्य हासिल कर फाइनल में जगह पक्की की।
भारत की इस जीत में ओपनर आरोन जॉर्ज (११५ रन) का अहम योगदान रहा। अफगानिस्तान की ओर से फैसल शिनोजादा और उजैरुल्लाह नियाज़ई ने शतक जमाए। शिनोजादा ने ९३ गेंदों में १५ चौकों की मदद से ११० रन बनाए, जबकि नियाज़ई १०१ रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने ८६ गेंदों में १२ चौके और २ छक्के लगाए। इनके अलावा उस्मान सदत ने ३९ और खालिद अहमदजई ने ३१ रन का योगदान दिया। भारतीय गेंदबाजों में दीपेश देवेंद्रन और कनिष्क चौहान ने २-२ विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रवैया अपनाया। खासकर ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने विस्फोटक अंदाज़ में बल्लेबाजी करते हुए तेज़ी से रन बनाए। वैभव और जॉर्ज ने पहले विकेट के लिए ९.३ ओवर में ९० रन की साझेदारी की। वैभव ३३ गेंदों में ९ चौकों और ४ छक्कों की मदद से ६८ रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद जॉर्ज को कप्तान आयुष म्हात्रे का अच्छा साथ मिला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए ११४ रन की साझेदारी की। म्हात्रे ने टूर्नामेंट में अपना दूसरा अर्धशतक लगाया और ५९ गेंदों में ५ चौकों व ४ छक्कों की मदद से ६२ रन बनाकर आउट हुए। २०४ रन पर दूसरा विकेट गिरने के बाद जॉर्ज ने विहान मल्होत्रा के साथ मिलकर स्कोर को ३०० रन के पार पहुंचाया।
आरोन जॉर्ज ने १०४ गेंदों में १५ चौकों और २ छक्कों की मदद से ११५ रन की शानदार पारी खेली। इसके बाद भारत को मैच जीतने में कोई परेशानी नहीं हुई। विहान मल्होत्रा ३८ रन और वेदांत त्रिवेदी ५ रन बनाकर नाबाद रहे।

About Author

Advertisement