मुंबई: भारत के दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली और रोहित शर्मा जल्द ही मैदान में वापसी कर सकते हैं। आईपीएल २०२६ के समाप्त होने के बाद अफगानिस्तान की टीम भारत दौरे पर आएगी। दोनों टीमों के बीच एक टेस्ट मैच और ३ वनडे मैचों की श्रृंखला खेली जाएगी।
अफगानिस्तान के भारत दौरे का शेड्यूल के अनुसार, श्रृंखला एकमात्र टेस्ट मैच से शुरू होगी, जो ६ जून से न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा। इसके बाद तीन वनडे मैच क्रमशः १४, १७ और २० जून को धर्मशाला, लखनऊ और चेन्नई में खेले जाएंगे। सभी मैच डे-नाइट होंगे।
इस तरह रोहित और कोहली १४ जून से भारतीय जर्सी में खेलते हुए नजर आ सकते हैं। हालांकि वनडे प्रारूप के लिए टीम की घोषणा अभी नहीं हुई है, ये दोनों खिलाड़ी आमतौर पर इस प्रारूप में ही खेलते हैं। चयनकर्ता २०२७ वनडे विश्व कप की तैयारी और मैच फिटनेस को ध्यान में रखते हुए इन्हें टीम में शामिल कर सकते हैं।
भारत और अफगानिस्तान के बीच यह वनडे प्रारूप में पहली द्विपक्षीय श्रृंखला होगी। इससे पहले इन दोनों टीमों के बीच ४ वनडे मैच खेले गए थे, जिसमें भारत ने ३ जीत दर्ज की थी और एक मैच टाई रहा था। रोहित और कोहली को इस साल न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू ३ वनडे मैच श्रृंखला में भी खेलते देखा गया था। उस श्रृंखला में कोहली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 मैचों में ८० की औसत से २४० रन बनाए, जबकि रोहित केवल ६१ रन ही बना पाए।










