मेलबर्न: तीसरी वरीयता प्राप्त कोको गॉफ को ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट में महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में उलटफेर का सामना करना पड़ा। अमेरिका की स्टार खिलाड़ी गॉफ को यूक्रेन की एलिना स्वितोलिना के खिलाफ निराशाजनक हार झेलनी पड़ी। मुकाबले में अप्रत्याशित हार के बाद अमेरिकी खिलाड़ी गॉफ ने अपने रैकेट पर गुस्सा उतारा।
स्वितोलिना ने असाधारण प्रदर्शन करते हुए अमेरिकी खिलाड़ी को सीधे सेटों में ६-१, ६-२ से पराजित किया। इस जीत के साथ ३१ वर्षीय स्वितोलिना ने न केवल टूर्नामेंट में बड़ा उलटफेर किया, बल्कि पहली बार ऑस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफाइनल में भी जगह बनाई।
मैच समाप्त होने के बाद कोको गॉफ शांत तरीके से चेंजिंग रूम की ओर जा रही थीं, लेकिन अचानक उन्होंने कॉल एरिया में ७ बार अपना रैकेट पटककर अपनी निराशा व्यक्त की। मैच में गॉफ की हार का मुख्य कारण उनकी कमजोर सर्विस रही। उन्होंने मुकाबले के दौरान पांच बार डबल फॉल्ट किया और चार बार अपनी सर्विस गंवाई, जिसका स्वितोलिना ने पूरा फायदा उठाया।
इस तरह स्वितोलिना ने अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने की उम्मीदें जीवित रखी हैं। इससे पहले वह तीन बार क्वार्टर फाइनल तक पहुंची थीं, लेकिन कभी सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सकी थीं। सेमीफाइनल में स्वितोलिना का मुकाबला विश्व की नंबर एक खिलाड़ी आर्यना सबालेंका से होगा।










