अंडर- १९ वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को चुनौती देने के लिए तैयार भारत

IMG-20260203-WA0209

हरारे: भारतीय टीम अफगानिस्तान के खिलाफ आईसीसी अंडर-१९ वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भी अपनी जीत की लय बरकरार रखने के इरादे से मैदान में उतरेगी। आयुष म्हात्रे की कप्तानी में भारतीय टीम इस वैश्विक टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही है और बुधवार को खेले जाने वाले सेमीफाइनल में भी भारत का पलड़ा भारी माना जा रहा है।
भारत इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम है और अब तक ५ बार (२०००, २००८, २०१२, २०१८ और २०२२) खिताब जीत चुका है। दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया है, जिसने ४ बार खिताब अपने नाम किया है। भारत के पास अब रिकॉर्ड छठी बार खिताब जीतने का सुनहरा मौका है। भारत ने इस टूर्नामेंट में अपने सभी ५ मैच आसान जीत के साथ जीते हैं।
अफगानिस्तान ने भी इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। उसने खेले गए ५ मैचों में से ४ में जीत दर्ज की है। अफगानिस्तान एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी जरूर है, लेकिन खिलाड़ियों की शानदार फॉर्म और खेल के हर विभाग में बेहतर प्रदर्शन के कारण सेमीफाइनल में भारत को जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज अभिज्ञान कुंडू बेहतरीन फॉर्म में हैं और इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने दो अर्धशतकों की मदद से १९९ रन बनाए हैं। ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने भी दो अर्धशतकों के साथ १९६ रन बनाए हैं। ऑलराउंडर विहान मल्होत्रा पर भी सभी की नजरें होंगी, जिन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में शानदार शतक जड़ा था।
कप्तान म्हात्रे ने गेंदबाजी में ६ विकेट लिए हैं, हालांकि बल्लेबाजी में उन्होंने अब तक केवल ९९ रन बनाए हैं। तेज गेंदबाजों की जोड़ी हेनिल पटेल और आर.एस. अंबरीश ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए कुल ८ विकेट हासिल किए हैं।
भारत और अफगानिस्तान के बीच यह सेमीफाइनल मुकाबला दोपहर १ बजे से शुरू होगा। इस बीच, मंगलवार को खेले गए टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को २७ रन से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।

About Author

Advertisement