गंगटोक: सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत में सबसे लंबे समय तक सरकार प्रमुख रहने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी है।
मुख्यमंत्री तमांग ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी प्रेस बयान के अनुसार, यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण और सार्थक रही।
भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने सिक्किम की प्रमुख विकास प्राथमिकताओं और उभरती आवश्यकताओं से प्रधानमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने बुनियादी ढांचा विकास, सतत विकास और जनकल्याण जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा की।
इस अवसर पर उन्होंने जून २०२६ से नाथुला पास (सिल्क रूट) को पुनः खोलने के निर्णय के लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस कदम से स्थानीय लोगों और व्यापारिक समुदाय को काफी लाभ होगा।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने सिक्किम राज्य स्थापना के स्वर्ण जयंती समापन समारोह में प्रधानमंत्री को आमंत्रित किया, जिसे प्रधानमंत्री ने स्वीकार कर लिया है। उन्होंने सिक्किम के सतत विकास और समृद्धि के लिए भारत सरकार के निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन और समर्थन के लिए भी धन्यवाद दिया।










