तीन-चार महीने में सभी सड़कें बनाओ, वरना खुद एफआईआर दर्ज कर ठेकेदारों को जेल भेजूँगा: सांसद राजु बिष्ट

IMG-20251010-WA0127

सोनादा: दार्जिलिंग के सांसद राजु बिष्ट ने सड़क निर्माण में हो रही लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि पहाड़ के सभी खराब सड़कों को तीन से चार महीने के भीतर बनाना होगा, अन्यथा वे स्वयं एफआईआर दर्ज कर ठेकेदारों को जेल भेजेंगे।
सोनादा से ओह्रालो रोड की स्थिति का उदाहरण देते हुए सांसद बिष्ट ने व्यंग्यपूर्ण लहजे में कहा कि “सोनादा से ओह्रालो रोड होकर जाने पर सात दिन से दुख रही मेरी कमर ठीक हो गई। लेकिन सोनादा से ग्यारेज लाइन, रमिते, नाली चउर, पचेङ होते हुए रंगमुक मुण्डा जाने पर जिसकी कमर नहीं दुखी है, उसकी भी कमर दुखने लगती है।” उन्होंने कहा कि यह सड़क इतनी खराब है कि हर गुजरने वाला व्यक्ति परेशान होता है।
सांसद बिष्ट ने रंगबुल धोत्रे, रंगमुक समष्टि और सोनादा–पचेङ क्षेत्र के भूस्खलन प्रभावित इलाकों का निरीक्षण करते हुए कहा कि लोगों को इन सड़कों के कारण भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने ठेकेदारों पर आरोप लगाते हुए कहा कि “कुछ ठेकेदार घटिया सड़कें बनाते हैं, कुछ ने पैसे लेकर भी काम नहीं किया, और कुछ ने तो सिर्फ नारियल फोड़कर रस्म पूरी कर दी।”
उन्होंने चेतावनी दी कि “जितने भी ठेकेदारों ने सड़क के ठेके लिए हैं, वे तीन से चार महीने के भीतर पहाड़ की सभी सड़कें बना दें, नहीं तो मैं खुद एफआईआर कर उन्हें जेल भेजूँगा।”
सांसद ने बताया कि मिलिंग से रंगमुक तक ५.१७ किलोमीटर की सड़क और एक पुल के निर्माण के लिए १६ करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट स्वीकृत हुआ था, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी काम पूरा नहीं हुआ। उन्होंने कहा, “यह केंद्र सरकार का पैसा है, लेकिन राज्य सरकार की ओर से काम नहीं किया जा रहा है।”
उन्होंने आगे कहा, “पहाड़ की मुख्य सड़कों को जोड़ने के लिए केंद्र सरकार पूरी सहायता दे रही है। मैंने केंद्र से २० पुलों के लिए भी स्वीकृति दिलवाई है और राज्य सरकार को फंड सौंप दिया है, लेकिन राज्य सरकार आखिर कर क्या रही है?”
सांसद बिष्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि वे सड़कों को लेकर राजनीति नहीं करना चाहते, पर जनता खुद समझती है कि पहाड़ में विकास कार्यों की गति कितनी धीमी है।

About Author

Advertisement