कोलकाता: भारत के सार्वजनिक क्षेत्र के अग्रणी बैंक ‘बैंक ऑफ बड़ौदा’ ने कोलकाता के न्यू टाउन स्थित खाकी एस्टेट में अत्याधुनिक ई-लॉबी और आलिया विश्वविद्यालय परिसर में एटीएम सुविधा का संचालन शुरू किया है।
खाकी एस्टेट स्थित ई-लॉबी का बैंक की कार्यपालक निदेशक बीना वाहिद ने और आलिया विश्वविद्यालय में स्थापित एटीएम का विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर रफीकुल इस्लाम ने शुक्रवार को उद्घाटन किया। कार्यक्रम में बैंक के महाप्रबंधक एवं कोलकाता अंचल प्रमुख के. आर. कगाडल और ग्रेटर कोलकाता क्षेत्र के उप महाप्रबंधक तपन सिन्हा सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
न्यू टाउन की ई-लॉबी से ग्राहक स्व-सेवा डिजिटल माध्यम से चौबीसों घंटे नियमित बैंकिंग लेनदेन कर सकेंगे। वहीं, विश्वविद्यालय परिसर के एटीएम से छात्रों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों और आगंतुकों को नकदी निकालने तथा अन्य बैंकिंग सेवाएं लेने में आसानी होगी, ऐसा बैंक ने बताया है।
नई सुविधाओं के जुड़ने से पश्चिम बंगाल राज्य में बैंक ऑफ बड़ौदा का नेटवर्क १७ ई-लॉबी, ४१० एटीएम और २६५ शाखाओं तक विस्तारित हो गया है। कार्यपालक निदेशक वाहिद ने कहा कि तकनीक और सेवा नेटवर्क के विस्तार के माध्यम से आम नागरिकों तक सुगम वित्तीय पहुंच सुनिश्चित करने के लिए बैंक प्रतिबद्ध है।





