एचआईएल का अगला संस्करण जनवरी के पहले सप्ताह से, नीलामी ७ दिसंबर को

IMG-20261126-WA0086

नई दिल्ली: हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) २०२६-२७ की शुरुआत जनवरी के पहले सप्ताह से होगी। इसके लिए पुरुष और महिला, दोनों प्रतियोगिताओं के खिलाड़ियों की नीलामी ७ दिसंबर २०२६ को आयोजित की जाएगी।
हॉकी इंडिया लीग के आगामी सीजन में पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता में छह और महिला वर्ग की प्रतियोगिता में चार फ्रेंचाइजी हिस्सा लेंगी। यह लीग घरेलू और अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतिभाओं को एक शानदार मंच उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता जारी रखेगी।
दिसंबर में होने वाली नीलामी से पहले फ्रेंचाइजी खिलाड़ियों की ट्रेडिंग और रिटेंशन प्रक्रिया में हिस्सा लेंगी। हॉकी इंडिया के अनुसार, प्रत्येक फ्रेंचाइजी को २९ नवंबर २०२६ तक अन्य फ्रेंचाइजी को अपने संभावित खिलाड़ी ट्रेड के बारे में सीधे सूचित करना होगा।
आधिकारिक ट्रेडिंग विंडो २९ नवंबर को दोपहर १२ बजे तक खुली रहेगी और २ दिसंबर को सुबह १० बजे बंद हो जाएगी। इसके बाद फ्रेंचाइजी को दोपहर १२ बजे तक टीम से रिलीज किए जाने वाले खिलाड़ियों की जानकारी देते हुए अपनी अंतिम टीम सूची जमा करनी होगी।
इसी दिन शाम ५ बजे एचआईएल सभी फ्रेंचाइजी को नीलामी के लिए खिलाड़ियों की संयुक्त सूची भेजेगी। इसके बाद पिछले सीजन की प्रक्रिया के अनुसार, फ्रेंचाइजी के पास ३ दिसंबर शाम ५ बजे तक उन खिलाड़ियों की सूची जमा करने का समय होगा, जिन्हें वे नीलामी में शामिल करना चाहती हैं।
नीलामी के लिए खिलाड़ियों की सूची में रांची रॉयल्स पुरुष टीम और एचआईएल गवर्निंग काउंसिल टीम के खिलाड़ी भी शामिल होंगे।
लीग के २०२६-२७ सीजन के लिए पुरुष प्रतियोगिता में प्रत्येक फ्रेंचाइजी का सैलरी कैप चार करोड़ रुपये और महिला प्रतियोगिता में दो करोड़ रुपये तय किया गया है।
नीलामी में शामिल होने वाले खिलाड़ियों की बेस प्राइस दो लाख, पांच लाख और १० लाख रुपये होगी। इससे फ्रेंचाइजी को निर्धारित वित्तीय ढांचे के भीतर अपनी टीमें तैयार करने के लिए स्पष्ट श्रेणियां मिलेंगी।

About Author

Advertisement