ब्रिटेन ने शीतयुद्ध के बाद पहली बार १ लाख रिजर्व सैनिकों को बुलाया, तैयारी तेज
लंदन: रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध के भयावह रूप लेने के साथ ही यूरोप में तनाव लगातार बढ़ रहा है। इसी बीच ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने १ लाख रिजर्व सैनिकों को युद्ध के लिए तैयार रहने को कहा है। ब्रिटिश सरकार ने नौसेना की घातक पनडुब्बी (सबमरीन) को अपग्रेड करने के लिए ८ अरब पाउंड की बड़ी धनराशि खर्च करने की घोषणा भी की है। इससे पनडुब्बी की उपलब्धता और तैयारी बढ़ने के साथ-साथ ब्रिटेन की प्रतिरोधक क्षमता और राष्ट्रीय सुरक्षा मजबूत होने की बात कही गई है। शीतयुद्ध समाप्त होने के बाद यह पहली बार है जब ब्रिटेन ने रिजर्व सैनिकों को युद्ध के लिए बुलाया है।
माना जा रहा है कि ब्रिटेन ने इस कदम के माध्यम से रूस को कड़ा संदेश देने की कोशिश की है। ब्रिटिश मीडिया के अनुसार १ लाख रणनीतिक रिजर्व सैनिकों को रक्षा मंत्रालय से पत्र भेजा गया है, जिसमें प्रशिक्षण और अभ्यास में भाग लेने का प्रस्ताव दिया गया है। सेना, वायुसेना और नौसेना तीनों ही अंगों के प्रमुखों के हस्ताक्षर वाले इस पत्र के माध्यम से रिजर्व सैनिकों के मोबाइल नंबर, वर्तमान पेशे और कौशल संबंधी विवरण मांगे गए हैं।
नाटो को मजबूत बनाने की ब्रिटेन की योजना
ब्रिटिश सरकार ने कहा है कि पनडुब्बी का उन्नयन देश की युद्धक क्षमता बढ़ाने के लिए किया गया है। सरकार के इस कदम का लक्ष्य देश की रक्षा प्रणाली को मजबूत बनाने के साथ-साथ नाटो के अनुच्छेद ३ को गंभीरता से लागू करना है, जिसके तहत नाटो के सभी सदस्य देशों को किसी भी हमले को रोकने के लिए अपनी व्यक्तिगत और सामूहिक क्षमता बनाए रखना तथा उसे बढ़ाना आवश्यक होता है। साथ ही, इस नए निवेश से ब्रिटेन में ३,००० लोगों को रोजगार भी मिलेगा।
वैश्विक अस्थिरता बढ़ने और पूरे यूरोप में सुरक्षा चिंता गहराने के बीच ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने सेना को सुदृढ़ करने का यह कदम उठाया है। हालांकि, यह स्पष्ट किया गया है कि पत्र जारी करने का अर्थ तत्काल सेना जुटाना नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से केवल रिजर्व सैनिकों के साथ पुनः संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। ब्रिटिश सरकार ने वर्ष २०२७ में होने वाले नाटो के सैन्य अभ्यास के लिए १,००० रिजर्व सैनिकों को बुलाने की तैयारी की है। आवश्यकता पड़ने पर तत्काल परिचालन किया जा सके, इसके लिए सरकार रिजर्व सैनिकों की पहचान अद्यतन रखना चाहती है। इस बीच, ब्रिटिश सरकार ने अपने नागरिकों से साइबर हमले की स्थिति में सुरक्षित रहने के लिए खाने-पीने की सामग्री, पानी की बोतल, कंबल और एक रेडियो साथ रखने का भी आग्रह किया है।





