रूसी युद्धपोत डूबने की जेलेंस्की ने की पुष्टि
मास्को: रूस से करीब १,८०० किलोमीटर दूर लीबिया के तट पर यूक्रेनी नौसेना ने मानवरहित ड्रोन बोट के जरिए रूसी युद्धपोत को तबाह कर दिया है, जिसकी पुष्टि खुद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने की है। रक्षा विश्लेषकों ने बेहद सीमित नौसैनिक क्षमता होने के बावजूद दूरस्थ समुद्री क्षेत्र में किए गए इस प्रहार को असाधारण घटना बताया है। कई विश्लेषक इस हमले की तुलना १९६७ में भूमध्य सागर में मिस्र की मिसाइल बोट द्वारा इजरायली युद्धपोत ‘आईएनएस एलात’ को निशाना बनाए जाने की घटना से कर रहे हैं।
सैटेलाइट तस्वीरों से संकेत मिला है कि हमले के बाद रूसी युद्धपोत डूब गया। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बताया कि रविवार को लीबिया के तट के पास हुए इस अभियान में यूक्रेनी सेना ने स्वदेश निर्मित सात नौसैनिक ड्रोन तैनात किए थे, जिससे रूस का एक कॉर्वेट युद्धपोत डूब गया। उनके अनुसार, यह युद्धपोत रूस के सबसे नए जहाजों में से एक था, जिसे २०२३ में नौसेना में शामिल किया गया था।
जेलेंस्की ने कहा कि रूसी आक्रामकता के जवाब में यूक्रेन के समुद्री अभियान और स्वदेशी हथियारों का विकास जारी है। उन्होंने बताया कि हमले में हथियार परिवहन के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले रूसी मालवाहक जहाज ‘एमवी अंगारा’ को भी निशाना बनाया गया और एक ‘केए-२७’ सैन्य हेलिकॉप्टर भी नष्ट हो गया। जेलेंस्की ने यूक्रेन की सुरक्षा सेवा (एसबीयू) सहित अन्य रक्षा बलों की सराहना करते हुए कहा कि निर्धारित लक्ष्य पूरे कर लिए गए हैं।
पूर्वी लीबिया के अधिकारियों के मुताबिक, रविवार तड़के बेंगाजी क्षेत्र में तेज धमाकों की आवाजें सुनी गईं और नौसैनिक अड्डे पर आग लग गई, जिसे नागरिक सुरक्षा बलों ने बुझाया। अधिकारियों के अनुसार, पूर्वी लीबिया की सरकार के साथ हुए सहयोग समझौते के तहत वह रूसी जहाज ईंधन और रसद सामग्री लेने के लिए वहां पहुंचा था।





