​’मेरी मत मानो, गांधी की तो मानो’: फिक्की सम्मेलन में पीएम मोदी ने उद्योग जगत को दिया कड़ा संदेश

cf4d982e-7c89-42b8-b3a1-19e2445e1b5a

​नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के उद्योग जगत को ‘स्वदेशी’ और ‘आत्मनिर्भरता’ की याद दिलाते हुए कॉरपोरेट जगत की भूमिका पर सीधा सवाल उठाया है। फिक्की के शताब्दी सम्मेलन को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने महात्मा गांधी के वर्ष १९३० के स्वदेशी संदेश का उल्लेख किया और कहा कि करीब १०० साल बाद भी उन्हें उद्योगपतियों के सामने वही बात दोहरानी पड़ रही है।
​प्रधानमंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा, “मेरी मत मानो, गांधी की तो मानो।” उन्होंने उद्योग जगत से स्वदेशी को बढ़ावा देने और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को देश के घर-घर तक पहुंचाने की अपील की।
​’१०० साल बाद भी बात वहीं की वहीं…’
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि फिक्की की डॉक्यूमेंट्री देखने के बाद उद्योग जगत को स्वयं तय करना चाहिए कि उसे अपना सिर गर्व से ऊंचा करना है या झुकाना है। उन्होंने कहा, “आप सोचिए, १०० साल हो गए, लेकिन १९३० में महात्मा गांधी आपके यहां आकर यही कहकर गए थे। इतने वर्षों बाद भी मुझे वही बात दोहरानी पड़ रही है। यह आपकी सफलता है या विफलता?”
​’१४० करोड़ लोगों को पक्का बाजार मत समझिए’
प्रधानमंत्री ने घरेलू बाजार को लेकर भी उद्योगपतियों को महत्वपूर्ण नसीहत दी। उन्होंने कहा कि देश के १४० करोड़ नागरिकों को ऐसा ‘पक्का बाजार’ मानकर नहीं चलना चाहिए, जहां कोई भी सामान आसानी से बेच दिया जाएगा। भारतीय कंपनियों को अपने उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार करना होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत में निर्मित उत्पादों का स्तर अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होना चाहिए, ताकि वे वैश्विक बाजार में अपनी मजबूत पहचान बना सकें।
​२० साल के निवेश में ‘इंडिया फर्स्ट’ का मंत्र
पीएम मोदी ने उद्योग जगत से आगामी २० वर्षों के निवेश फैसलों में ‘इंडिया फर्स्ट’ के मंत्र को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कंपनियों को केवल घरेलू बाजार पर निर्भर न रहकर वैश्विक ग्राहकों की जरूरतों को समझने, बेहतर गुणवत्ता और मजबूत वितरण नेटवर्क (डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क) पर निवेश करना चाहिए। पीएम ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की यात्रा में उद्योग जगत की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और ‘विकसित भारत’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि पूरे देश का संकल्प है।

About Author

Advertisement