दिग्गज टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल स्पैनिश क्लब रियल मैड्रिड का हिस्सा बनेंगे

IMG-20261105-WA0058

​मैड्रिड: स्पेन के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल अब दुनिया के शीर्ष फुटबॉल क्लबों में से एक रियल मैड्रिड के प्रशासनिक ढांचे का हिस्सा बनने जा रहे हैं। स्पेन के क्लब ने नडाल को अपने बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में शामिल करने का फैसला किया है। अब उनकी नियुक्ति को अंतिम मंजूरी के लिए जनरल असेंबली ऑफ डेलिगेट मेंबर्स के समक्ष पेश किया जाएगा। बुधवार को हुई रियल मैड्रिड के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में इससे संबंधित निर्णय लिया गया। बोर्ड ने नडाल की नियुक्ति के प्रस्ताव को प्रतिनिधि सदस्यों की आम सभा में मंजूरी के लिए भेजने पर सहमति व्यक्त की। बोर्ड में शामिल होने के प्रस्ताव के लिए नडाल ने क्लब के अध्यक्ष फ्लोरेंटिनो पेरेज़ और बोर्ड के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में बताया कि वे इस प्रस्ताव को व्यापक उत्साह, कुछ नया सीखने की इच्छा और क्लब के लिए अपना पूरा योगदान देने की भावना के साथ स्वीकार कर रहे हैं। वहीं, रियल मैड्रिड ने अपने आधिकारिक बयान में नडाल की नियुक्ति को क्लब के लिए बड़े सम्मान की बात बताया है। क्लब के अनुसार, नडाल की खेल उपलब्धियां, विनम्रता, प्रतिस्पर्धात्मक भावना, अनुशासन और प्रतिद्वंद्वियों के प्रति सम्मान रियल मैड्रिड के मूल्यों को दर्शाता है। उल्लेखनीय है कि नडाल टेनिस इतिहास के महानतम खिलाड़ियों में से एक हैं। उन्होंने अपने २ दशक से भी लंबे करियर में कुल ९२ एकल खिताब जीते। इसमें २२ ग्रैंड स्लैम खिताब शामिल हैं। नडाल ने रिकॉर्ड १४ बार फ्रेंच ओपन का खिताब जीता था। इसके अलावा उन्होंने ४ बार यूएस ओपन, २ बार विंबलडन और २ बार ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब भी जीता। ग्रैंड स्लैम के अलावा नडाल ने ओलंपिक और अंतरराष्ट्रीय टीम प्रतियोगिताओं में भी असाधारण प्रदर्शन किया है। उन्होंने २००८ बीजिंग ओलंपिक में पुरुष एकल स्वर्ण पदक जीता था। वहीं, उन्होंने २०१६ रियो ओलंपिक में पुरुष युगल स्वर्ण पदक जीता था। इसके अलावा स्पेन की डेविस कप टीम को ५ बार चैंपियन बनाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा था। नडाल ने २०२४ में पेशेवर टेनिस से संन्यास ले लिया था।

About Author

Advertisement