नई दिल्ली: ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु और मीराबाई चानू समेत १० खिलाड़ियों को निर्विरोध भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के एथलीट आयोग का सदस्य चुना गया। पूर्व ट्रैक एंड फील्ड एथलीट सुधा सिंह ने सोमवार देर रात चुनावी दौड़ से हटने का फैसला किया, जिसके बाद मतदान कराने की आवश्यकता नहीं पड़ी क्योंकि १० सीटों के लिए केवल १० उम्मीदवार ही बचे थे। निर्वाचन अधिकारी संजय के श्रीवास्तव ने मंगलवार को ५ पुरुष और ५ महिलाओं समेत सभी १० उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया। इससे पहले सोमवार को स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने भी अपना नामांकन वापस ले लिया था।
एथलीट आयोग के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के लिए एक पुरुष और एक महिला का चयन किया जाएगा। इन पदों पर निर्वाचित होने वाले चार में से दो पदाधिकारी आईओए की कार्यकारी परिषद के सदस्य बनेंगे। इसके अलावा एथलीट आयोग के दो सदस्य (एक पुरुष और एक महिला) वोटिंग अधिकार के साथ आईओए की आम सभा के सदस्य बनेंगे। ये दोनों प्रतिनिधि ५ दिसंबर को होने वाले आईओए कार्यकारी परिषद के चुनाव में एथलीट आयोग की ओर से हिस्सा लेंगे। एथलीट आयोग के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के साथ-साथ आईओए की आम सभा के दो प्रतिनिधियों का चुनाव बाद में कराया जाएगा।
आईओए एथलीट आयोग के निर्विरोध निर्वाचित सदस्य इस प्रकार हैं: पीवी सिंधु, मीराबाई चानू, हरमनप्रीत सिंह, सलीमा टेटे, स्वप्निल कुसाले, भवानी देवी, तजिंदरपाल सिंह तूर, बोम्बाल्या देवी, साजन प्रकाश और मंजीत सिंह।





