केपटाउन: दक्षिण अफ्रीका के स्टार तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। वे ६०० अंतरराष्ट्रीय विकेट लेने वाले दक्षिण अफ्रीका के पांचवें गेंदबाज बने। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ केपटाउन में जारी तीसरे टेस्ट मैच के पांचवें दिन उन्होंने इस उपलब्धि को हासिल किया। इसके साथ ही रबाडा ने टेस्ट क्रिकेट में अपने ३५० विकेट भी पूरे किए।
रबाडा ने अब तक २६० अंतरराष्ट्रीय मैचों में कुल ६०१ विकेट लिए हैं। दक्षिण अफ्रीका की ओर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक ८२३ विकेट लेने का रिकॉर्ड शॉन पोलक के नाम है। इस प्रकार डेल स्टेन (६९७) दूसरे, मखाया एंटिनी (६६१) तीसरे और एलन डोनाल्ड (६०२) चौथे स्थान पर हैं।
रबाडा ने ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में ओपनर ट्रेविस हेड को १४ रन के निजी स्कोर पर आउट कर टेस्ट क्रिकेट में ३५० विकेट के आंकड़े को छुआ। उन्होंने इस उपलब्धि को ७५ टेस्ट मैचों में हासिल किया। इस मामले में वे वेस्टइंडीज के मैल्कम मार्शल के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं। रिचर्ड हेडली और डेल स्टेन ने ६९ टेस्ट मैचों में ३५० विकेट पूरे किए थे। इसी तरह डेनिस लिली ने ७० और ग्लेन मैक्ग्रा ने ७४ टेस्ट मैचों में इस उपलब्धि को हासिल किया था।
रबाडा गेंद के हिसाब से टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज ३५० विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने केवल १३,८०८ गेंदों में इस उपलब्धि को हासिल किया। इस सूची में डेल स्टेन १४,७१९ गेंदों के साथ दूसरे और वकार यूनिस १४,९०५ गेंदों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
तीसरे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया हार की कगार पर पहुंच गया है। मैच के पांचवें दिन जीत के लिए २८८ रन के लक्ष्य को सामने रखकर खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया ने अंतिम समाचार मिलने तक अपनी दूसरी पारी में केवल ६२ रन बनाकर ७ विकेट गंवा दिए हैं।





