नई दिल्ली: ऐशेज टेस्ट सीरीज और भारत के खिलाफ सीमित ओवरों के मैचों ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) की कमाई को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने २०२५-२६ वित्तीय वर्ष में रिकॉर्ड ६०१.१ मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (लगभग ४२३ मिलियन अमेरिकी डॉलर) का राजस्व दर्ज किया। इस अवधि के दौरान संस्था को ८१.८ मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (लगभग ५७ मिलियन अमेरिकी डॉलर यानी ५४७.३२ करोड़ भारतीय रुपये) का शुद्ध लाभ हुआ। इससे पहले वित्तीय वर्ष २०२४-२५ में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को ११.३ मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर का घाटा हुआ था।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बुधवार को बताया कि इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू ऐशेज टेस्ट सीरीज और भारत के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज ने मीडिया अधिकारों, व्यावसायिक साझेदारियों और मैच के दिन होने वाली कमाई के मामले में नए रिकॉर्ड बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ऑस्ट्रेलियाई पुरुष टीम ने घरेलू ऐशेज सीरीज में इंग्लैंड को ४-१ से हराकर खिताब अपने पास बरकरार रखा था। वहीं अक्टूबर-नवंबर में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को वनडे सीरीज में २-१ से हराया था। दूसरी ओर, टी२० सीरीज में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को २-१ से पराजित किया था।
ऐशेज सीरीज के दौरान दर्शकों की संख्या ने भी नया रिकॉर्ड बनाया। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की रिपोर्ट के अनुसार, १८ दिनों में कुल ८,५९,५८० दर्शक स्टेडियम पहुंचे। इस दौरान प्रतिदिन दर्शकों की औसत उपस्थिति ४७,७५४ रही। ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम ने भी असाधारण प्रदर्शन करते हुए लॉर्ड्स में इंग्लैंड को हराकर सातवीं बार आईसीसी महिला टी२० विश्व कप का खिताब जीता। इन उपलब्धियों ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के लिए इस सफल सत्र को और खास बना दिया।
रिकॉर्ड कमाई के बावजूद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने २०२६-२७ और २०२७-२८ वित्तीय वर्षों में घाटे का अनुमान व्यक्त किया है। संस्था ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय दौरों के कार्यक्रम के कारण मीडिया अधिकारों और मैचों से होने वाली कमाई में चक्रीय गिरावट इसका कारण होगी। ऑस्ट्रेलिया की पुरुष क्रिकेट टीम अभी दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट सीरीज खेल रही है। इसके बाद १३ नवंबर से घरेलू मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज होगी। सीमित ओवरों की सीरीज के बाद ९ दिसंबर से ८ जनवरी तक न्यूजीलैंड के खिलाफ ४ टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी। इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम २१ जनवरी से मेजबान भारत के खिलाफ ५ टेस्ट मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी टेस्ट सीरीज में हिस्सा लेगी।





