भारत की १२१ रन की जीत में हरमनप्रीत और दीप्ति का रिकॉर्ड प्रदर्शन

IMG-20261026-WA0060

​बडोदरा: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रविवार को खेले गए दूसरे वनडे मैच में जिम्बाब्वे महिला टीम को १२१ रन के बड़े अंतर से पराजित कर ३ मैचों की सीरीज में २-० की अजेय बढ़त हासिल कर ली। मैच में पहले बैटिंग करते हुए भारत ने पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर (१२६) और दीप्ति शर्मा (अविजित १०६) के शतकों की सहायता से ५० ओवरों में ६ विकेट खोकर ३२८ रन बनाए। इसके बाद जिम्बाब्वे की टीम ४८.५ ओवरों में २०७ रन बनाकर ऑलआउट हो गई। मैच में हरमनप्रीत ने जहाँ लगभग १५ महीने बाद अंतरराष्ट्रीय शतक बनाया, वहीं दीप्ति ने भी तेज शतक के साथ इतिहास रच दिया। इन दोनों के बीच पाँचवें विकेट के लिए हुई १५३ रन की साझेदारी ने भी नया रिकॉर्ड बनाया। इसके अलावा हरमनप्रीत दूसरा सर्वाधिक शतक बनाने वाली भारतीय महिला बैटर बनीं, जबकि दीप्ति ने छठे या उससे निचले क्रम पर बैटिंग करते हुए वनडे शतक बनाने वाली पहली भारतीय महिला बनने का गौरव हासिल किया।
​हरमनप्रीत ने मैच में १२१ गेंदें खेलकर १५ चौकों के साथ १२६ रन बनाए। इससे पहले उन्होंने अंतिम बार २२ जुलाई २०२५ को इंग्लैंड के विरुद्ध वनडे मैच में १०२ रन बनाए थे। इसी प्रकार टी-२० अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने एकमात्र शतक २९ जून २०२४ को दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध बनाया था। रविवार को हरमनप्रीत ने अपने वनडे करियर का आठवां शतक बनाया। इसके साथ ही उन्होंने सर्वाधिक वनडे शतकों के मामले में पूर्व कप्तान मिताली राज को पीछे छोड़ दिया। इस सूची में वर्तमान कप्तान स्मृति मंधाना १४ शतकों के साथ शीर्ष स्थान पर हैं।
​इस प्रकार दीप्ति ने मैच में ८६ गेंदों में १५ चौकों की सहायता से अविजित १०६ रन बनाए। उन्होंने ८३ गेंदों में अपना शतक पूरा किया। इस शतक के साथ दीप्ति वनडे क्रिकेट में छठे या उससे निचले क्रम पर खेलकर शतक बनाने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर बनीं। इससे पहले ऋचा घोष ने गत वर्ष विशाखापत्तनम में दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध ९४ रन बनाए थे। इसी प्रकार महिला वनडे में सबसे तेज शतक बनाने का भारतीय रिकॉर्ड मंधाना के नाम पर है, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध २०२५ में ५० गेंदों में शतक बनाया था। इस सूची में दीप्ति पाँचवें स्थान पर पहुँच गई हैं।
​इस प्रकार हरमनप्रीत और दीप्ति ने पाँचवें विकेट के लिए १३७ गेंदों में १५३ रन की साझेदारी की। यह वनडे क्रिकेट में भारतीय महिला टीम की ओर से पाँचवें या उससे निचले विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले यह रिकॉर्ड स्नेह राणा और पूजा वस्त्रकार के नाम पर था। इन दोनों ने २०२२ महिला विश्व कप में पाकिस्तान के विरुद्ध पाँचवें विकेट के लिए १२२ रन जोड़े थे।

About Author

Advertisement