क्राइस्टचर्च: भारत के खिलाफ जारी टी२० सीरीज में न्यूजीलैंड की टीम को आने वाले दिनों में पेस गेंदबाजी विकल्पों को लेकर समस्या का सामना करना पड़ सकता है। न्यूजीलैंड क्रिकेट के अनुसार, खिलाड़ियों के कार्यभार प्रबंधन (वर्कलोड मैनेजमेंट) के तहत पेस गेंदबाजों को बारी-बारी से विश्राम दिया जा रहा है। इसी कारण लॉकी फर्ग्यूसन मंगलवार को तीसरे टी२० मैच के लिए वेलिंगटन नहीं जाएंगे। वे रविवार को ऑकलैंड जाएंगे। फर्ग्यूसन अब सीरीज के अंतिम २ मैच ही खेलेंगे, जो ऑकलैंड और हैमिल्टन में होंगे।
इस वजह से न्यूजीलैंड को तीसरे टी२० मैच में प्रमुख पेस गेंदबाजों की सेवाएं प्राप्त नहीं होंगी, क्योंकि मैट हेनरी भी क्राइस्टचर्च में ही रहेंगे, जहां उन्होंने सीरीज के पहले २ मैच खेले थे। हेनरी भारत के खिलाफ टी२० सीरीज के बाकी बचे मैचों से बाहर हो गए हैं। अब वे भारत के खिलाफ पहले वनडे मैच में खेलने के लिए सीधे ऑकलैंड जाएंगे। भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का पहला मैच ४ नवंबर को खेला जाएगा।
इसी तरह एक अन्य पेस गेंदबाज काइल जेमिसन (जो शुरुआती २ टी२० मैचों का हिस्सा नहीं थे) तीसरे टी२० मैच के लिए वेलिंगटन जाएंगे। वेलिंगटन के खिलाफ कैंटरबरी के फोर्ड ट्रॉफी के दूसरे चरण के मैच में हिस्सा लेने के लिए जेमिसन वेलिंगटन में ही रहेंगे। उसके बाद जेमिसन भी भारत के खिलाफ वनडे मैचों के लिए ऑकलैंड जाएंगे।
ब्लेयर टिकनर अंतिम ३ टी२० मैचों के लिए वेलिंगटन में न्यूजीलैंड टीम में शामिल होंगे। इसी तरह जोश क्लार्कसन भी ऑकलैंड जाएंगे और अंतिम २ टी२० मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगे। मैट फिशर केवल तीसरे टी२० मैच के लिए कवर के रूप में टीम के साथ वेलिंगटन की यात्रा करेंगे। उसके बाद वे भारत ए के खिलाफ अपने दूसरे ४ दिवसीय मैच से पहले न्यूजीलैंड ए टीम में शामिल होंगे।
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के मुख्य कोच रोब वाल्टर ने कहा, “हम अपनी टीम की गहराई के मामले में बहुत भाग्यशाली हैं। हम अपने पेस गेंदबाजों के कार्यभार का प्रबंधन करने के लिए अलग-अलग मैचों के लिए अलग-अलग खिलाड़ियों को बुला सकते हैं। आने वाले समय में खिलाड़ी क्रिकेट के सभी प्रारूपों में टीम के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की स्थिति में रह सकें, इसी लक्ष्य के साथ यह कदम उठाया गया है।”
उल्लेखनीय है कि क्राइस्टचर्च में खेले गए शुरुआती २ मैच जीतकर भारत ५ टी२० मैचों की सीरीज में २-० से आगे चल रहा है। टी२० सीरीज के बाद इन दोनों टीमों के बीच ५ वनडे मैचों की सीरीज होगी। उसके बाद दिसंबर की शुरुआत में २ टेस्ट मैचों की सीरीज के साथ भारतीय टीम का न्यूजीलैंड दौरा समाप्त होगा।





