नई दिल्ली: बँटवारे का दर्द हमेशा टीस देता है और साल के दसवें महीने का सोलहवाँ दिन बंगाल के विभाजन की दुखद घटना से जुड़ा है। १६ अक्टूबर १९०५ को हुआ बंगाल विभाजन राष्ट्र के इतिहास में एक मोड़ बनकर आया और इसका चहुँओर पुरज़ोर विरोध हुआ। इस दिन को विरोध दिवस के रूप में मनाया गया और ढेरों जुलूस निकाले गए। चारों तरफ़ वन्दे मातरम् के नारे गूँज उठे। आख़िरकार बंगाल के विभाजन ने मानो पूरे देश को एक सूत्र में पिरो दिया और स्कूलों, कॉलेजों से लेकर चौपालों-गलियों तक विरोध प्रदर्शन हुए। इस दौरान विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार और स्वदेशी के प्रचार की आँधी ने अंग्रेज़ हुकूमत को हिला कर रख दिया। बाद में इस निर्णय को वापस ले लिया गया, तर अंग्रेज़ों के ख़िलाफ़ उठा विरोध का स्वर और मज़बूत होता गया। देश-दुनिया के इतिहास में १६ अक्टूबर की तारीख में दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है~
वर्ष १७८८: मराठा सेनापति महादजी सिंधिया ने अफगान सरदार गुलाम कादिर को पराजित करते हुए मुगल बादशाह शाह आलम द्वितीय को पुनः दिल्ली की गद्दी पर बैठाया था। इससे पहले अफगान रोहिल्ला सरदार गुलाम कादिर ने दिल्ली पर अधिकार जमा लिया था और उसने मुगल बादशाह शाह आलम द्वितीय की आँखें फोड़ दी थीं।
वर्ष १७९३: फ्रांस की आख़िरी रानी मेरी आंतोनिएत को फ्रांसीसी क्रांति के दौरान पेरिस के प्लेसब डे ला रेवोल्यूशन (मौजूदा प्लेस डे ला कॉनकॉर्ड) में गिलोटिन पर चढ़ाकर मृत्युदंड दिया गया था। उन पर राजद्रोह, विदेशी ताकतों के साथ षड्यंत्र और देश से गद्दारी करने का आरोप था।
वर्ष १८६८: डेनमार्क ने निकोबार द्वीप समूह पर अपने सभी अधिकार ब्रिटेन को बेच दिए। इसके बाद १८६९ में ब्रिटेन ने इन्हें आधिकारीक तौर पर ब्रिटिश भारत में मिला लिया। इस समझौते के साथ ही भारतीय उपमहाद्वीप और उसके आसपास के क्षेत्रों से डेनिश औपनिवेशिक शासन का पूर्ण अंत हो गया।
वर्ष १९०५: भारत के तत्कालीन वायसराय लॉर्ड कर्जन द्वारा बंगाल का प्रथम विभाजन लागू किया गया था। ब्रिटिश सरकार ने इसे प्रशासनिक सुविधा बताया था, लेकिन इसका वास्तविक मक़सद राष्ट्रवादियों का गढ़ माने जाने वाले बंगाल में हिन्दू-मुस्लिम एकता को तोडना और साम्प्रदायिकता का प्रचार करना था। विभाजन का स्वरूप इस प्रकार था: १. पूर्वी बंगाल और असम: मुस्लिम बहुसंख्यक क्षेत्र (राजधानी – ढाका) २. पश्चिमी बंगाल: हिन्दू बहुसंख्यक क्षेत्र (बिहार और उड़ीसा सहित)।
वर्ष १९२३: वॉल्ट डिज़्नी और उनके भाई रॉय ओलिवर डिज़्नी द्वारा कैलिफोर्निया के हॉलीवुड में ‘डिज़्नी ब्रदर्स कार्टून स्टूडियो’ के नाम से ‘द वॉल्ट डिज़्नी कंपनी’ की स्थापना की गई। बाद में इसका नाम बदलकर ‘वाल्ट डिज़्नी प्रोडक्शंस’ और फिर १९८६ में ‘द वॉल्ट डिज़्नी कंपनी’ कर दिया गया। १९२८ में ‘स्टीमबोट विली’ और ‘मिकी माउस’ के आने के बाद इस कंपनी को वैश्विक पहचान मिली।
वर्ष १९३४: चीनी कम्युनिस्टों ने राष्ट्रवादी सेना के नेता च्यांग काई-शेक की घेराबंदी और हमलों से बचने के लिए दक्षिण-पूर्वी चीन स्थित अपने ठिकानों से पलायन शुरू किया। यह यात्रा लगभग ६,००0 मील (लगभग १०,००० किलोमीटर) लंबी थी, जो ३६८ दिनों से अधिक समय तक चली। इसी यात्रा के दौरान और उसके बाद माओ त्से तुंग चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के सर्वमान्य और निर्विवाद नेता के रूप में उभरे।
वर्ष १९३९: द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान जर्मनी की वायुसेना लुफ़्टवाफ़े ने ब्रिटिश क्षेत्र स्कॉटलैंड के रोसिथ और फ़र्थ ऑफ़ फ़ोरथ पास स्थित रॉयल नेवी के जहाजों पर अपना पहला हवाई हमला किया। इस हमले में १६ रॉयल नेवी के नाविकों की मौत हो गई और ४४ घायल हुए।
वर्ष १९४२: बंगाल (अब पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश का हिस्सा) के तटीय क्षेत्रों में इतिहास का सबसे विनाशकारी और प्रलयकारी समुद्री चक्रवात (बंगाल चक्रवात) आया। इस भीषण आपदा में लगभग ४०,००० लोगों ने अपनी जान गंवाई और लाखों लोग बेघर हो गए। बंगाल की खाड़ी से उठे इस चक्रवात में हवा की गति २२५ किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई थी। आँधी के कारण समुद्र में लगभग २० से २६ फीट ऊँची लहरें उठीं, जिन्होंने तटों को पार करते हुए १० मील भीतरी भू-भाग तक को पूरी तरह जलमग्न कर दिया।
वर्ष १९४५: कनाडा के क्यूबेक सिटी में संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन की स्थापना हुई। इसका मुख्य उद्देश्य वैश्विक स्तर पर भुखमरी समाप्त करना, पोषण में सुधार करना और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना था।
वर्ष १९५१: पाकिस्तान के पहले प्रधानमंत्री लियाकत अली खान की रावलपिंडी के कंपनी बाग़ (अब लियाकत बाग़) में एक जनसभा के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर की पहचान सईद अकबर (अफगान नागरिक) के रूप में हुई, जिसे भीड़ और सुरक्षाकर्मियों ने मौके पर ही मार गिराया। गोली लगने के बाद उनके आख़िरी शब्द थे— “अल्लाह पाकिस्तान की हिफ़ाज़त करे”।
वर्ष १९५९: भारत में राष्ट्रीय महिला शिक्षा परिषद की स्थापना और उद्घाटन किया गया। इससे पहले मई १९५८ में सरकार ने दुर्गाबाई देशमुख की अध्यक्षता में ‘राष्ट्रीय महिला शिक्षा समिति’ का गठन किया था। इसी समिति की सिफ़ारिश के आधार पर १९५९ में इस परिषद की स्थापना की गई। इस परिषद का प्रमुख उद्देश्य देश में महिलाओं की शिक्षा की स्थिति में सुधार करना, लड़कों और लड़कियों की शिक्षा के बीच की खाई को कम करना तथा बालिकाओं के लिए स्कूलों, महिला शिक्षकों की नियुक्ति और वयस्क महिला शिक्षा को बढ़ावा देना था।
वर्ष १९६४: चीन ने अपना पहला परमाणु परीक्षण शिनजियांग प्रांत के लोप नोर में किया। यह परीक्षण २२ किलोटन का था। यूरेनियम से बने इस बम को ३३० फीट ऊँचे स्टील टावर पर रखकर विस्फोटित किया गया था (इसे ‘प्रोजेक्ट ५९६’ के नाम से भी जाना जाता है)। इस सफलता के साथ चीन अमेरिका, सोवियत संघ, ब्रिटेन और फ्रांस के बाद परमाणु हथियार संपन्न देशों के ‘क्लब’ में शामिल होने वाला पाँचवां देश बन गया।
वर्ष १९६८: भारतीय मूल के अमेरिकी बायोकेमिस्ट डॉ. हरगोबिंद खुराना को शरीर क्रिया विज्ञान या चिकित्सा के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान आनुवंशिक कूट (जेनेटिक कोड) की व्याख्या और प्रोटीन संश्लेषण में इसकी भूमिका का पता लगाने के लिए प्रदान किया गया था। उन्होंने यह पुरस्कार मार्शल डब्ल्यू. निरेनबर्ग और रॉबर्ट डब्ल्यू. हॉली के साथ साझा किया था।
वर्ष १९७८: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने पाकिस्तान के ख़िलाफ़ फ़ैसलाबाद के इक़बाल स्टेडियम में अपना टेस्ट डेब्यू किया। डेब्यू के समय कपिल देव की उम्र १९ साल थी। उन्होंने पाकिस्तानी ओपनर बल्लेबाज़ सादिक मोहम्मद को आउट कर अपना पहला अंतरराष्ट्रीय टेस्ट विकेट लिया था।
वर्ष १९८४: दक्षिण अफ्रीका के प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता तथा आर्चबिशप डेसमंड टुटू को उनके रंगभेद विरोधी शांतिपूर्ण संघर्ष के लिए नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका में अश्वेत लोगों के ख़िलाफ़ होने वाले नस्लीय भेदभाव और अन्याय के ख़िलाफ़ बिना किसी हिंसा, शांतिपूर्ण तरीक़े से वैश्विक स्तर पर आवाज़ उठाई। उन्होंने ही दक्षिण अफ्रीका की सांस्कृतिक और नस्लीय विविधता को दर्शाने के लिए इसे “रेनबो नेशन” (इंद्रधनुषी राष्ट्र) नाम दिया था।
वर्ष १९९६: ग्वाटेमाला सिटी (मध्य अमेरिका) के एस्टाडियो माटेओ फ्लोर्स स्टेडियम में मची भगदड़ में ८४ लोगों की मौत हो गई और १८० से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना ग्वाटेमाला और कोस्टा रिका के बीच होने वाले १९९८ फ़ीफ़ा विश्व कप क्वालीफायर मैच के दौरान हुई थी। स्टेडियम की क्षमता लगभग ३८,००० दर्शकों की थी, लेकिन भारी मात्रा में नकली टिकट बेचे जाने की आशंका थी, जिससे स्टेडियम में क्षमता से ज़्यादा लोग घुस गए थे। स्टेडियम के सामान्य स्टैंड पर अत्यधिक भीड़ बढ़ने के कारण मानवीय दबाव पैदा हुआ। नीचे बैठे लोग जाली और दीवार के बीच पिस गए।
वर्ष १९९९: संयुक्त राज्य अमेरिका ने पाकिस्तान में जनरल परवेज मुशर्रफ द्वारा किए गए तख्तापलट (सैन्य शासन) के विरोध में पाकिस्तान पर कड़े प्रतिबंध लगाए। इन प्रतिबंधों के तहत पाकिस्तान को मिलने वाली अमेरिकी विदेशी सहायता, आर्थिक सहयोग और सैन्य उपकरणों की बिक्री पर रोक लगा दी गई।
वर्ष २००२: दक्षिण कोरिया के बुसान में आयोजित चौदहवें एशियाई खेलों में डोपिंग टेस्ट में असफल रहने पर भारतीय खिलाड़ी सुनीता रानी के पदक वापस ले लिए गए। सुनीता रानी ने १५०० मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक और ५००० मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता था।
वर्ष २००३: भारत के प्रसिद्ध मलयाली फ़िल्म निर्माता अडूर गोपालकृष्णन को फ्रांसीसी सरकार द्वारा उनके प्रतिष्ठित सम्मान ‘कमांडर ऑफ़ द आर्डर ऑफ़ आर्ट्स एंड लेटर्स’ से सम्मानित किया गया। यह फ्रांस का एक अत्यंत प्रतिष्ठित सांस्कृतिक सम्मान है जो कला और साहित्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली वैश्विक हस्तियों को प्रदान किया जाता है।
वर्ष २००४: संयुक्त राष्ट्र और वैश्विक मानवाधिकार संगठनों की रिपोर्ट के अनुसार सूडान के दारफुर क्षेत्र में जारी संघर्ष और भुखमरी के कारण जान गंवाने वालों की संख्या लगभग ७०,००० पहुँच चुकी थी।
वर्ष २००४: संयुक्त राज्य अमेरिका ने वैश्विक आतंकवाद के ख़िलाफ़ अपने अभियान के तहत इराकी आतंकवादी अबू मुसाब अल-ज़रकावी के संगठन (तौहीद वल-जिहाद) को विदेशी आतंकवादी संगठन घोषित किया। यही संगठन आगे चलकर इराक में अल-क़ायदा (एक्यूआई) और उसके बाद आईएसआईएस के रूप में विकसित हुआ।
वर्ष २००५: जी-२० देशों के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक के गवर्नरों की बैठक में विश्व बैंक और आईएमएफ (अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष) में सुधार करने की बात पर पूर्ण सहमति बनी। चीन के जिआंगसू प्रांत के शियांगहे में आयोजित इस बैठक में वैश्विक आर्थिक स्थिरता और विकासशील देशों को इन अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थानों में अधिक प्रतिनिधित्व दिलाने पर जोर दिया गया।
वर्ष २००८: दुनिया के बड़े बैंक सिटीग्रुप ने सबप्राइम मोर्टगेज संकट के कारण भारी तिमाही घाटे की घोषणा की। इसी तरह, स्विट्जरलैंड सरकार ने अपने सबसे बड़े बैंकों यूबीएस और क्रेडिट सुइस को डूबने से बचाने के लिए एक विशाल आपातकालीन राहत पैकेज की घोषणा की।
वर्ष २००८: चीन के निंग्शिया हुई स्वायत्त क्षेत्र के शिजुइशान शहर में स्थित एक कोयला खदान में भीषण विस्फोट हुआ। इस हादसे में कम से कम १६ खदान मजदूरों की मौत हो गई।
वर्ष २००९: जर्मनी के बर्लिन में द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान ध्वस्त हुए ऐतिहासिक नेउएस म्यूजियम को लगभग ७० साल बाद पुनर्निर्मित कर फिर से आम जनता के लिए खोल दिया गया।
वर्ष २००९: पाकिस्तान के पेशावर में एक सुरक्षा चौकी और बस के पास भयानक आत्मघाती कार बम विस्फोट हुआ। इस हमले में कम से कम १२ लोगों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
वर्ष २०१०: दक्षिण अफगानिस्तान के अशांत शहर कंधार में तीन सिलसिलेवार बम धमाके हुए। इन आतंकवादी हमलों में ४ लोगों की जान चली गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
वर्ष २०१०: चीन के हेनान प्रांत के युझौ शहर में स्थित पिंग्यु कोयला खदान में कोयला और गैस का भीषण रिसाव (आउटबर्स्ट) हुआ। इस दुर्घटना में कम से कम २० खदान मजदूरों की मौत हो गई। विस्फोट के तुरंत बाद अन्य १७ खदान के अंदर ही फंस गए/लापता हो गए।
वर्ष २०११: भारतीय मूल के धावक १०० वर्षीय फौजा सिंह ने सर्वाधिक उम्र में टोरंटो वाटरफ्रंट मैराथन पूरी कर नया कीर्तिमान कायम करते हुए गिनीज़ बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया। उम्र का ‘शतक’ पूरा करने वाले फौजा सिंह ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच आठ घंटे से अधिक समय में फिनिश लाइन पार की।
वर्ष २०१२: मध्य प्रदेश में एक बस और ट्रक के आपस में टकराने से भीषण दुर्घटना हुई, जिसमें २२ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
वर्ष २०१२: नीदरलैंड के रोटरडम स्थित ‘कुंस्तहल संग्रहालय’ से २५ मिलियन डॉलर (लगभग १३५ करोड़ भारतीय रुपये) से अधिक मूल्य की अति दुर्लभ ७ पेंटिंग्स चोरी हो गईं। इसे उस समय की सबसे बड़ी कला चोरियों में गिना गया। चोरों ने सिर्फ़ २ से ३ मिनट के समय में इन पेंटिंग्स को चुराकर फरार हो गए थे। रोमानियाई नागरिकों (रादु दोगुतारू और उनके साथियों) को इस चोरी के लिए पकड़ा गया और २०१३ में उन्हें सजा सुनाई गई। अपराधियों को सजा तो हुई, लेकिन ज़्यादातर पेंटिंग्स कभी नहीं मिल पाईं। मुख्य आरोपी की माँ ने बाद में सबूत मिटाने के लिए उन पेंटिंग्स को घर के चूल्हे में जलाने का दावा किया था, हालांकि इसकी पूरी पुष्टि कभी नहीं हो सकी।
वर्ष २०१२: खगोलविदों ने हमारे सौरमंडल के सबसे नज़दीक के तारा प्रणाली में एक नया ग्रह अल्फा सेंचुरी बीबी खोजे जाने की घोषणा की। इसे यूरोपीय खगोलविदों की एक टीम ने चिली में स्थित ला सिला वेधशाला में हाई एक्यूरेसी रेडियल वेलोसिटी प्लानेट सर्च उपकरण का उपयोग कर खोजा था। यह ग्रह पृथ्वी से लगभग ४.३ प्रकाश वर्ष की दूरी पर स्थित अल्फा सेंचुरी ‘बी’ तारे की परिक्रमा कर रहा था।
वर्ष २०१३: दक्षिण-पूर्वी एशियाई देश लाओस में ख़राब मौसम और चक्रवात ‘नारी’ के असर के कारण लाओ एयरलाइंस की उड़ान ३०१, पाक्से अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने से कुछ समय पहले मेकांग नदी में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह एक घरेलू नियमित यात्री उड़ान थी, जो लाओस की राजधानी विएंतियान से पाक्से जा रही थी। इस दुर्घटना में विमान में सवार सभी ४९ लोगों (४४ यात्री और ५ चालक दल के सदस्य) की मौत हो गई।
वर्ष २०१४: इराक की राजधानी बगदाद और उसके आसपास के क्षेत्रों में आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट के बढ़ते प्रभाव के बीच भीषण बमबारी और आत्मघाती हमले किए गए। बगदाद और उसके सीमावर्ती क्षेत्रों में एक के बाद एक तीन कार बम विस्फोट और आत्मघाती हमले हुए। इस सुनियोजित आतंकवादी हमले में कम से कम १६ लोगों की मौत हो गई और ४८ से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
वर्ष २०१४: पश्चिम बंगाल के बर्द्धमान में अक्टूबर की शुरुआत में हुए बम विस्फोट से जुड़े मामले में राष्ट्रीय जाँच एजेंसी ने जाँच के दौरान बर्द्धमान के एक घर से ३० ज़िंदा ग्रेनेड बरामद किए।
वर्ष २०१५: इजराइल-फिलिस्तीन संघर्ष के दौरान, वेस्ट बैंक के नब्लस शहर में फिलिस्तीनी प्रदर्शनकारियों की भीड़ ने ऐतिहासिक धार्मिक स्थल ‘जोसेफ की कब्र’ की इमारत में आग लगा दी, जिससे संरचना को भारी नुकसान पहुँचा।
वर्ष २०१६: तुर्की के गाजियांटेप शहर में आईएसआईएस के एक संदिग्ध ठिकाने पर पुलिस की छापेमारी के दौरान एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा लिया, जिसमें ३ पुलिस अधिकारियों की मौत हो गई और अन्य ९ घायल हो गए।
वर्ष २०१६: डोनबास युद्ध के दौरान, डोनेट्स्क पीपुल्स रिपब्लिक के एक प्रमुख प्रो-रूसी सैन्य कमांडर आर्सेंनी पावलोव (जिन्हें उनके कॉल साइन ‘मोटररोला’ से जाना जाता था) की डोनेट्स्क स्थित उनके अपार्टमेंट के लिफ्ट शाफ्ट में हुए बम विस्फोट में मौत हो गई। आर्सेंनी पावलोव ‘स्पार्टा बटालियन’ के नेता थे और उन्होंने इलोवाइस्क और डोनेट्स्क एयरपोर्ट की प्रमुख लड़ाइयों में प्रो-रूसी विद्रोहियों का नेतृत्व किया था।
वर्ष २०१६: गोवा में जारी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन २०१६ के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान का नाम लिए बिना इसे “आतंकवाद की मदर-शिप” (उद्गम स्थल) के रूप में संज्ञा दी।
वर्ष २०१६: इराक के विभिन्न क्षेत्रों में (विशेषकर बगदाद और आसपास) आतंकवादी संगठन आईएसआईएस द्वारा किए गए सिलसिलेवार हमलों में कम से कम ५५ से अधिक लोगों की मौत हो गई और ६० से अधिक घायल हुए।
वर्ष २०१७: माल्टा की अति प्रसिद्ध खोजी पत्रकार तथा ब्लॉगर डैफ़ने कारुआना गालिज़िया की कार बम विस्फोट में दर्दनाक मौत हो गई। डैफ़ने ने ‘पनामा पेपर्स’ लीक के माध्यम से माल्टा के शीर्ष राजनेताओं, अधिकारियों और शक्तिशाली व्यापारियों के बीच फैले उच्च स्तरीय भ्रष्टाचार, मनी लॉन्ड्रिंग और मिलीभगत का बड़ा पर्दाफाश किया था।
वर्ष २०१७: पुर्तगाल और उत्तरी स्पेन के जंगलों में फैली भीषण दावानल (जंगल की आग) की चपेट में आकर ३१ से अधिक लोगों की जान चली गई और हज़ारों एकड़ वन संपदा जलकर खाक हो गई।
वर्ष २०१७: चक्रवात ‘ओफेलिया’ के अवशेषों ने आयरलैंड और ब्रिटेन के तटों पर भारी तबाही मचाई। इस प्राकृतिक आपदा के कारण आयरलैंड में कम से कम ३ लोगों की मौत हुई और लगभग ३,६०,००० घरों की बिजली पूरी तरह गुल हो गई।
वर्ष २०११८: म्यांमार के माग्वे क्षेत्र में म्यांमार वायुसेना के दो एफ-७ लड़ाकू विमान ख़राब मौसम के कारण एक ब्रॉडकास्ट टॉवर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए। इस हादसे में दोनों पायलटों की जान चली गई और मलबे की चपेट में आने से ज़मीन पर मौजूद एक ११ साल की बच्ची की भी मौत हो गई।
वर्ष २०१८: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने मंत्रिपरिषद की बैठक में इलाहाबाद का नाम बदलकर ‘प्रयागराज’ करने के प्रस्ताव को आधिकारिक स्वीकृति दी। संतों, साधुओं और स्थानीय लोगों की मांग तथा आगामी २०१९ के कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया था। प्राचीन काल में इसे ‘प्रयाग’ कहा जाता था जबकि १५७५ में मुगल सम्राट अकबर ने संगम के पास ‘इलाहाबाद’ बसाया था। राज्य मंत्रिपरिषद के निर्णय के बाद, जनवरी २०१९ में केंद्र सरकार ने भी इलाहाबाद का नाम प्रयागराज किए जाने पर अपनी औपचारिक स्वीकृति प्रदान कर दी।
वर्ष २०१८: मोरक्को के बोकनाडेल में एक यात्री ट्रेन पटरी से उतर गई। इस भीषण दुर्घटना में कम से कम ७ लोगों की मौत हो गई और ८० से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
वर्ष २०१९: भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक चले कानूनी विवादों में से एक, अयोध्या भूमि विवाद की सुप्रीम कोर्ट में लगातार ४० दिनों तक चली मैराथन सुनवाई पूरी हुई। सुप्रीम कोर्ट की पांच जजों की बेंच ने इसके बाद अपना फैसला सुरक्षित रख लिया।
वर्ष २०२०: पेरिस के उपनगर कॉनफ्लान्स-सैंटे-होनोरिन में इतिहास और भूगोल के ४७ वर्षीय शिक्षक सैमुअल पैटी की सरेआम गला रेतकर हत्या कर दी गई। सैमुअल पैटी ने अपनी कक्षा में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर एक पाठ के दौरान पैगंबर मोहम्मद से जुड़े कुछ कार्टून दिखाए थे। उन्होंने छात्रों से कहा था कि अगर वे चाहें तो अपनी मर्जी से आँखें बंद कर सकते हैं या कक्षा से बाहर जा सकते हैं। एक छात्र के पिता और एक इस्लामी उपदेशक ने सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर ऑनलाइन नफरत फैलाने का अभियान चलाया था। १८ वर्षीय चेचेन मूल के शरणार्थी ‘अब्दुल्ला अन्ज़ोरोव’ ने स्कूल के बाहर शिक्षक पर हमला किया और मार डाला। वहीं पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में हमलावर को मार गिराया। दिसंबर २०२४ और उसके बाद की अदालती सुनवाइयों में फ्रांस की एक अदालत ने इस नफरत भरे अभियान और षड्यंत्र में शामिल कई लोगों को ३ से १६ साल तक की जेल की सजा सुनाई।
वर्ष २०२०: पाकिस्तान के दो अलग-अलग अशांत क्षेत्रों—बलोचिस्तान और उत्तरी वजीरिस्तान में हुए बड़े आतंकवादी हमलों में सुरक्षाकर्मियों और तेल एवं गैस विकास कंपनी (ओजीडीसीएल) के कर्मचारियों सहित कम से कम २० लोग मारे गए। इस हमले की ज़िम्मेदारी बलूच राजी अजोई संगर नाम के एक प्रतिबंधित बलूच विद्रोही संगठन गठबंधन ने ली।
वर्ष २०२०: किर्गिस्तान के राष्ट्रपति सोरोनबाई जीनबेकोव को देश में हुए भारी हिंसक विरोध प्रदर्शन और राजनीतिक संकट के कारण अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा (मुख्य रूप से १५ अक्टूबर २०२० को इस्तीफे की घोषणा के बाद १६ अक्टूबर को संसद द्वारा इसे आधिकारिक रूप से स्वीकार किया गया)। किर्गिस्तान में ४ अक्टूबर २०२० को संसदीय चुनाव हुआ था, जिसमें सरकारी समर्थक दलों ने भारी जीत हासिल की। विपक्ष और प्रदर्शनकारियों ने इन चुनावों में व्यापक रूप से वोट खरीदने और धांधली का आरोप लगाया। चुनाव के नतीजे आते ही देश की राजधानी बिश्केक सहित कई शहरों में बड़े पैमाने पर हिंसक प्रदर्शन शुरू हो गए। प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन और कई सरकारी इमारतों पर कब्जा कर लिया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि चुनाव आयोग को संसदीय चुनाव के नतीजे रद्द करने पड़े। प्रदर्शनकारियों और विपक्षी गुटों के बढ़ते दबाव के बीच जीनबेकोव ने कहा कि वे देश में रक्तपात और नागरिकों के बीच संघर्ष नहीं चाहते, इसलिए इस्तीफा देने का फैसला कर रहे हैं। जीनबेकोव के इस्तीफे के बाद प्रधानमंत्री सादिर जापरोव ने राष्ट्रपति पद का कार्यभार भी संभाल लिया, जिन्हें प्रदर्शनकारियों ने जेल से रिहा कराया था।
वर्ष २०२०: अमेरिका में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या ८० लाख के पार पहुँच गई। यूरोप के कई देशों में (जैसे फ्रांस, जर्मनी, पोलैंड) कोरोना की दूसरी लहर के कारण रिकॉर्ड दैनिक मामले आने लगे, जिसके परिणामस्वरूप फ्रांस में आपातकाल की घोषणा की गई। वहीं भारत में कोरोना वायरस संक्रमण की कुल संख्या का आँकड़ा ७३.७ लाख से ऊपर पहुँच चुका था और पिछले २४ घंटों में ६३,००० से अधिक नए मामले और ८९५ मौतें दर्ज की गई थीं।
वर्ष २०२१: यूनाइटेड किंगडम के सांसद सर डेविड एमेस की एसेक्स के ले-ऑन-सी में उनके निर्वाचन क्षेत्र की एक बैठक के दौरान चाकू मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर का नाम अली हर्बी अली था, जो एक ब्रिटिश-सोमाली नागरिक था। उसे इस्लामिक स्टेट से प्रेरित आतंकवादी पाया गया।
वर्ष २०२१: आईएसआईएस-के के आत्मघाती हमलावरों ने शिया समुदाय के एक प्रमुख मस्जिद को निशाना बनाया, जिसमें ५० से अधिक नमाजियों की मौत हो गई और १०० से अधिक घायल हुए। इस दुर्घटना के बाद तालिबान ने शिया मस्जिदों की सुरक्षा बढ़ाने की घोषणा की।
वर्ष २०२१: केरल के मध्य और दक्षिणी जिलों में भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़ आ गई और विनाशकारी भूस्खलन (लैंडस्लाइड) हुआ। कोट्टायम और इडुक्की जिलों में हुई दुर्घटनाओं में ४२ से अधिक लोगों की जान चली गई और संपत्ति को भारी नुकसान पहुँचा।
वर्ष २०२१: श्रीनगर के ईदगाह क्षेत्र में आतंकवादियों ने बिहार के एक रेहड़ी-पटरी वाले विक्रेता (अरविन्द कुमार साह) सहित दो नागरिकों की गोली मारकर हत्या कर दी। इसी दिन सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के एक शीर्ष कमांडर को भी ढेर कर दिया।
वर्ष २०२२: भारत में टीवी जगत की प्रख्यात अभिनेत्री वैशाली ठक्कर (सीरियल ‘ससुराल सिमर का’ फेम) ने इंदौर स्थित अपने घर में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट में उनके पूर्व प्रेमी द्वारा प्रताड़ित किए जाने की बात सामने आई।
वर्ष २०२२: १६ अक्टूबर के सरकारी आँकड़ों के अनुसार नाइजीरिया में आए भीषण बाढ़ के कारण ६०० से अधिक लोगों की मौत हो चुकी थी और १३ लाख से अधिक लोग बेघर हो गए थे।
वर्ष २०२२: रूस के बेलगोरोड क्षेत्र में एक सैन्य प्रशिक्षण शिविर में अंधाधुंध गोलीबारी हुई। इस आतंकवादी हमले में ११ रूसी सैनिकों की मौत हो गई और १५ गंभीर रूप से घायल हुए। रूसी रक्षा मंत्रालय के अनुसार गोलीबारी करने वाले २ हमलावर थे जो पूर्व सोवियत संघ के एक देश (कॉमनवेल्थ ऑफ़ इंडिपेंडेंट स्टेट्स) से आए स्वयंसेवक थे। जवाबी कार्रवाई में दोनों हमलावरों को भी मार गिराया गया।
वर्ष २०२३: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय परिसर में गोदावरी हॉस्टल के पास तेज गति से आ रही मोटरसाइकिल के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक छात्र की मौत हो गई और अन्य तीन घायल हो गए। मृतक छात्र २२ वर्षीय अंशू कुमार थे (जो सतलुज हॉस्टल में रूसी भाषा के प्रथम वर्ष के छात्र थे और बिहार के गया के रहने वाले थे)। बाइक वे खुद चला रहे थे।
वर्ष २०२३: बेल्जियम की राजधानी ब्रुसेल्स में हुए आतंकवादी हमले में दो स्वीडिश नागरिकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई और एक घायल हो गया। हमलावर आईएसआईएस के प्रति सहानुभूति रखने वाला ट्यूनीशियाई नागरिक था।
वर्ष २०२४: नाइजीरिया के जिगावा राज्य के माजिया शहर में एक ईंधन टैंकर पलटने से उसमें भीषण विस्फोट हो गया, जिसमें १४० से अधिक लोगों की मौत हो गई और १०० से अधिक घायल हुए। यह टैंकर कानो से योबे राज्य की तरफ़ जा रहा था। माजिया के पास दूसरे वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया और टैंकर पलट गया।
वर्ष २०२४: इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच जारी संघर्ष के दौरान इजरायली वायुसेना ने दक्षिण लेबनान के नबातियेह नगर पालिका भवन पर हमला किया। इस हमले में वहाँ के मेयर सहित कम से कम १६ लोगों की मौत हो गई।
वर्ष २०२४: उमर अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर के नए मुख्यमंत्री के रूप में और सुरिंदर सिंह चौधरी ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
वर्ष २०२४: हरियाणा विधानसभा चुनाव के परिणाम के बाद पंचकूला में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में नायब सिंह सैनी को सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता और मुख्यमंत्री चुना गया।
वर्ष २०२४: भारत सरकार ने त्योहारी सीजन में केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते में ३ प्रतिशत की वृद्धि को स्वीकृति दी।
वर्ष २०२५: भारत संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद के सत्र २०२६-२८ के लिए सातवीं बार निर्विरोध चुना गया। भारत का यह ३ वर्षीय कार्यकाल १ जनवरी २०२६ से शुरू होकर ३१ दिसंबर २०२८ तक रहेगा। (इसके स्थायी प्रतिनिधि पी. हरीश हैं)।
वर्ष २०२५: भारत में राजस्थान के धौलपुर जिले में चंबल नदी के किनारे देश का पहला कछुआ तथा डॉल्फिन संरक्षण/प्रजनन केंद्र स्थापित किया गया।
वर्ष २०२५: पाकिस्तान और अफगानिस्तान की सीमा (जैसे स्पिन बोल्डक, कंधार और खोस्त क्षेत्रों) पर हुई भारी सैन्य झड़पों और हवाई हमलों में ५० लोग मारे गए और १७१ से अधिक घायल हुए। पाकिस्तान का आरोप था कि अफगान क्षेत्र से पाकिस्तान में ड्रोन और आतंकवादी हमले हो रहे हैं, जिसके जवाब में पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के कई प्रांतों (खोस्त, नानगरहार, पक्तिका और कंधार) में एयरस्ट्राइक की थी।
१६ अक्टूबर को जन्मे प्रसिद्ध व्यक्तित्व~
वर्ष १८५४: ऑस्कर वाइल्ड – आयरलैंड के प्रसिद्ध लेखक तथा नाटककार।
वर्ष १८७८: वल्लथोल नारायण मेनन – मलयालम कवि तथा स्वतंत्रता सेनानी।
वर्ष १८८६: डेविड बेन-गुरियन – इजराइल के पहले प्रधानमंत्री।
वर्ष १८९६: सेठ गोविंद दास – सेनानी, सांसद तथा हिंदी के साहित्यकार।
वर्ष १९०५: विनय मोहन शर्मा (पं. शुकदेव प्रसाद तिवारी) – प्रसिद्ध लेखक एवं आलोचक।
वर्ष १९२५: एंजेला लैंसबरी – ब्रिटिश-अमेरिकी अभिनेत्री तथा गायिका।
वर्ष १९२७: गुंटर ग्रास – जर्मन उपन्यासकार, कवि तथा नोबेल पुरस्कार विजेता।
वर्ष १९३९: दिगंबर हांसदा – संथाली भाषा के विद्वान, शिक्षाविद् तथा पद्मश्री से सम्मानित।
वर्ष १९४०: नरेंद्र चंचल – भारत के प्रसिद्ध गायक।
वर्ष १९४४: लच्छू महाराज – भारत के प्रसिद्ध तबला वादक।
वर्ष १९४६: नवीन पटनायक – भारतीय राजनीतिज्ञ तथा ओडिशा के चौदहवें मुख्यमंत्री।
वर्ष १९४८: हेमा मालिनी – प्रसिद्ध अभिनेत्री, भरतनाट्यम नृत्यांगना तथा राजनीतिज्ञ।
वर्ष १९५०: निदुमोलु सुमति – भारत की प्रसिद्ध मृदंग वादक।
वर्ष १९७५: राजीव खंडेलवाल – प्रमुख भारतीय फिल्म, टेलीविजन अभिनेता, गायक तथा होस्ट।
वर्ष १९८२: पृथ्वीराज सुकुमारन – भारतीय अभिनेता, निर्देशक तथा निर्माता।
वर्ष १९९०: अनिरुद्ध रविचंदर – लोकप्रिय भारतीय संगीतकार तथा गायक।
वर्ष १९९५: वेद कृष्णमूर्ति – भारतीय महिला क्रिकेटर।
वर्ष १९९५: अमित पांघाल – प्रसिद्ध भारतीय मुक्केबाज।
वर्ष १९९७: नाओमी ओसाका – जापान की प्रसिद्ध टेनिस खिलाड़ी।
१६ अक्टूबर को निधन हुए प्रसिद्ध व्यक्तित्व~
वर्ष १७९३: मेरी आंतोनिएत – फ्रांस की प्रसिद्ध तथा विवादित महारानी।
वर्ष १९३८: प्रभाशंकर पाटनी – गुजरात के प्रमुख सार्वजनिक कार्यकर्ता।
वर्ष १९५१: लियाकत अली खान – पाकिस्तान के पहले प्रधानमंत्री तथा स्वतंत्रता सेनानी।
वर्ष १९५९: जॉर्ज मार्शल – अमेरिकी सेना के प्रसिद्ध जनरल तथा नोबेल शांति पुरस्कार विजेता, जो द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान अपनी रणनीतियों के लिए जाने जाते हैं।
वर्ष १९८३: हरीश चंद्र महरोत्रा – भारत के महान तथा विश्वप्रसिद्ध गणितज्ञ और भौतिक विज्ञानी।
वर्ष १९९४: गणेश घोष – भारत के प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी तथा क्रांतिकारी, जिन्होंने चटगांव विद्रोह में सक्रिय भूमिका निभाई थी।
वर्ष २००७: डेबोरा केर – छह बार ऑस्कर के लिए नामांकित होने वाली प्रसिद्ध ब्रिटिश-स्कॉटिश अभिनेत्री।
वर्ष २०२२: दिलीप महालनोबिस – भारतीय बाल रोग विशेषज्ञ जिन्होंने ओआरएस का आविष्कार करके दुनिया भर के करोड़ों बच्चों की जान बचाई।
वर्ष २०२४: लियाम पेन – प्रख्यात ब्रिटिश ब्वॉय बैंड ‘वन डायरेक्शन’ के पूर्व सदस्य तथा विश्वप्रसिद्ध गायक।
१६ अक्टूबर के महत्वपूर्ण अवसर एवं उत्सव~
विश्व एनेस्थेसिया दिवस: चिकित्सा इतिहास में एनेस्थेसिया के आविष्कार और उसके महत्व को याद करने के लिए यह दिन मनाया जाता है। अमेरिका के बोस्टन स्थित मैसाचुसेट्स जनरल अस्पताल में दंत चिकित्सक डॉ. विलियम टी.जी. मोर्टन ने पहली बार ‘डाइएथिल ईथर’ एनेस्थेसिया का सार्वजनिक रूप से सफल प्रदर्शन किया था। इस आविष्कार से शल्यक्रिया (सर्जरी) के दौरान होने वाले असहनीय दर्द से मरीजों को मुक्ति मिली और यह आधुनिक शल्य चिकित्सा के इतिहास में एक बड़ा मील का पत्थर साबित हुआ।
विश्व खाद्य दिवस: हर साल १६ अक्टूबर के दिन दुनिया भर में विश्व खाद्य दिवस मनाया जाता है। इसी दिन संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन की स्थापना (१९४५) हुई थी। इसका उद्देश्य भूख, कुपोषण और खाद्य सुरक्षा के प्रति जनचेतना फैलाना है।





