आइजोल: केन्द्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास एवं संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने लोक भवन के दरबार हॉल में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों के साथ संवाद किया।
इस परिचर्चा के दौरान मंत्री सिंधिया ने पद्मश्री एवं फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार विजेताओं, वरिष्ठ अधिकारियों, लेखकों, कलाकारों, गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधियों, उद्यमियों तथा प्रभावशाली हस्तियों (इन्फ्लुएंसर्स) से सीधे बातचीत की। यह संवाद मुख्य रूप से पूर्वोत्तर क्षेत्र की अपार संभावनाओं को सामने लाने और प्रतिभागियों की प्रेरक जीवन-यात्रा एवं अनुभवों को रेखांकित करने पर केंद्रित था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने समाज के निर्माण और विकास में इन हस्तियों के योगदान की सराहना की। उन्होंने पूर्वोत्तर के सामाजिक-आर्थिक परिदृश्य को और अधिक मजबूत तथा समृद्ध बनाने के लिए नए एवं सहयोगात्मक विचारों के साथ आगे आने का आह्वान किया।





