रियाद: सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित हवाई अड्डे पर हुए हमले में कम से कम १२ लोगों की मौत हो गई है, जबकि ३०९ लोग घायल बताए गए हैं। स्थानीय अधिकारियों ने हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना के बाद किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
सऊदी नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के अनुसार, मृतकों में चार सऊदी नागरिक और दो बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं। इसके अलावा अमेरिका, जॉर्डन, फिलिस्तीन, सीरिया, सूडान और मिस्र के एक-एक नागरिक की भी मौत हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, घायलों में कुछ की हालत गंभीर है।
सऊदी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने हमले के लिए यमन के हूती विद्रोहियों को जिम्मेदार ठहराते हुए जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है। गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने यात्रियों और हवाई अड्डे के कर्मचारियों को निशाना बनाकर किए गए हमले को गंभीर युद्ध अपराध बताया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हवाई अड्डे के घरेलू टर्मिनल में स्थित गेट नंबर 401 पर हमला हुआ था। एक प्रत्यक्षदर्शी ने समाचार एजेंसी को बताया कि उन्होंने अपनी आंखों के सामने लोगों को घायल होते देखा, जिसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। घटना के बाद एक दर्जन से अधिक एंबुलेंस हवाई अड्डे पहुंचीं।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने सऊदी अरब में हाल में हुए हमलों की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इस घटना में एक अमेरिकी नागरिक की मौत की भी पुष्टि की है।
हमले के बाद सऊदी अरब में स्थित विभिन्न पश्चिमी देशों के दूतावासों ने अपने नागरिकों को हवाई अड्डे के आसपास के इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है। ब्रिटेन के विदेश कार्यालय ने भी हवाई अड्डे की सुरक्षा की पुष्टि होने तक अपने नागरिकों को उस क्षेत्र से दूर रहने का निर्देश दिया है।
इस बीच, कुवैत एयरवेज सहित खाड़ी क्षेत्र की कई विमानन कंपनियों ने रियाद आने और वहां से जाने वाली उड़ानें रद्द कर दी हैं। कुवैत एयरवेज ने इसके पीछे सुरक्षा स्थिति को कारण बताया है। उड़ानों की निगरानी करने वाली वेबसाइट फ्लाइटरडार के अनुसार, रियाद जाने वाली उड़ानों को या तो दूसरे हवाई अड्डों की ओर मोड़ दिया गया है या रद्द कर दिया गया है।
इस हमले से पहले भी सऊदी अरब के हवाई अड्डों को निशाना बनाकर हूती विद्रोहियों की ओर से लगातार हमले किए जाने की खबरें आती रही हैं। शनिवार को पूर्वी सऊदी अरब स्थित किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास भी हमला हुआ था।





