पिफुट्सेरो: चाखेसांग छात्र संघ ने राष्ट्रीय राजमार्ग–२९ के तहत दो लेन वाली कोहिमा–जेसामी सड़क के पैकेज–२ के निर्माण में हो रही देरी और सड़क की दयनीय स्थिति पर तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर बुधवार को पिफुट्सेरो स्थित ग्लोरी पिक जंक्शन पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन चाखाबामा के किडेमा रोड के पास से लेकर किक्रुमा गांव के निकट तक फैले २१.९० किलोमीटर लंबे सड़क खंड पर केंद्रित था। संघ के महासचिव रिहिलो चिएरो के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान लंबे समय से निर्माण कार्य में हो रही देरी और जर्जर सड़क के कारण यात्रियों तथा स्थानीय निवासियों को हो रही परेशानियों को प्रमुखता से उठाया गया।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को सौंपे गए ज्ञापन में चाखेसांग छात्र संघ ने कहा कि उक्त परियोजना का ठेका रत्न इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड को १० अक्टूबर २०२३ को दिया गया था और निर्माण पूरा करने की अंतिम समयसीमा ४ जनवरी २०२६ निर्धारित की गई थी।
हालांकि, मूल समयसीमा समाप्त हो जाने के बावजूद परियोजना अभी भी अधूरी है। संघ के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएच आईंडीसिएल ) ने निर्माण पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय देते हुए समयसीमा को बढ़ाकर २४ सितंबर २०२६ कर दिया था। अतिरिक्त समयसीमा भी समाप्त हो जाने के बाद परियोजना की कुल भौतिक प्रगति केवल ४४ प्रतिशत हुई है।
संघ ने २२ जून २०२६ को चाखेसांग छात्र संघ, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड और निर्माण कंपनी के बीच हुए छह सूत्री समझौते का भी उल्लेख किया। संघ ने कहा कि भूमि संबंधी और अन्य समस्याओं के समाधान में उसने लगातार सहयोग किया है, लेकिन पर्याप्त निर्माण उपकरण और श्रमिकों की तैनाती नहीं की गई। साथ ही, निर्माणाधीन सड़क का नियमित रखरखाव भी प्रभावी ढंग से नहीं किया जा रहा है।
चाखेसांग छात्र संघ ने संबंधित अधिकारियों के समक्ष तीन सूत्री मांगपत्र प्रस्तुत किया। इसमें १४ दिनों के भीतर मौजूदा ठेकेदार का ठेका रद्द करना, उसी अवधि के भीतर शेष निर्माण कार्य के लिए नया टेंडर जारी करना और परियोजना पूरी होने तक सड़क का नियमित रखरखाव सुनिश्चित करना शामिल है।
प्रदर्शन में नागा छात्र महासंघ, आंगामी छात्र संघ, पोचुरी छात्र संघ, संयुक्त सांगताम छात्र सम्मेलन, चाखेसांग महिला संघ सहित फेक जिले के विभिन्न संगठनों और पिफुट्सेरो क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने भी अपना समर्थन दिया।
चाखेसांग छात्र संघ ने चेतावनी दी कि यदि उसकी मांगों का तत्काल समाधान नहीं किया गया तो वह आगे और लोकतांत्रिक आंदोलन करेगा। संघ ने यात्रियों और स्थानीय निवासियों को हो रही परेशानियों को दूर करने के लिए संबंधित सरकारी एजेंसियों से तत्काल आवश्यक कदम उठाने का भी आग्रह किया।





