सिलीगुडी: बोनस के भुगतान की मांग करते हुए नक्सलबाड़ी चाय बागान के श्रमिकों का आंदोलन सोमवार से शुरू हो गया है। बागान परिसर में एकत्र होकर श्रमिकों ने प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की और बकाया तथा चालू वर्ष का बोनस जल्द देने की मांग की।
श्रमिकों का आरोप है कि पिछले वर्ष का ३ प्रतिशत बोनस अब भी बकाया है। इस वर्ष २० प्रतिशत बोनस देने की मांग की गई है, लेकिन प्रबंधन की ओर से अब तक कोई स्पष्ट निर्णय नहीं लिया गया है। श्रमिकों का कहना है कि मुख्यमंत्री ने ५ अक्टूबर तक चाय बागानों में बोनस भुगतान करने का निर्देश दिया था, फिर भी नक्सलबाड़ी चाय बागान की समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
मजदूरों ने चेतावनी दी है कि जब तक पिछले साल का बकाया ३ प्रतिशत और इस साल का २० प्रतिशत बोनस नहीं मिल जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। श्रमिकों का कहना है कि इस बागान में जैविक (ऑर्गेनिक) रूप से चाय का उत्पादन किया जाता है और वे साल भर कड़ी मेहनत करते हैं, लेकिन बोनस के समय उन्हें हमेशा परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
दूसरी ओर, बागान के प्रबंधक पैट्रिक तामांग ने बताया कि इस समस्या से मालिक पक्ष को अवगत करा दिया गया है। फिलहाल १० प्रतिशत बोनस देने को लेकर बातचीत चल रही है। उन्होंने कहा कि बागान की कमजोर आर्थिक स्थिति ही इस समस्या का मुख्य कारण है। हालांकि, श्रमिक अपनी मांग पर अड़े हुए हैं।





