नई दिल्ली: माचेत्तिरा पूवम्मा, विशाल थेन्नारासु, रामराज विथ्या और थेक्किनालिल मनु की भारतीय टीम ने २०२६ एशियाई खेलों में ४x४०० (चार गुणा चार सौ) मीटर मिश्रित रिले दौड़ में रजत पदक जीता। भारतीय टीम ने फाइनल में ३:१४.४६ मिनट का समय निकालकर दूसरा स्थान हासिल किया। इस स्पर्धा में बहरीन ने ३:१२.८७ मिनट के गेम्स रिकॉर्ड समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। वहीं वियतनाम की टीम ने ३:१४.५४ मिनट के समय के साथ कांस्य पदक जीता। वियतनाम की टीम भारतीय टीम से केवल ०.०८ सेकंड पीछे रही। नागोया सिटी मिजुहो पार्क एथलेटिक्स स्टेडियम में हुए फाइनल में भारतीय टीम ने असाधारण प्रदर्शन किया। भारतीय एथलीटों ने असाधारण गति बनाए रखते हुए भारत के लिए रजत पदक सुनिश्चित किया। भारत और वियतनाम के बीच रजत पदक की होड़ बेहद रोमांचक रही। अंत में भारतीय टीम ने ०.०८ सेकंड के मामूली अंतर से दूसरा स्थान हासिल किया। इस प्रकार भारत ने एशियाई खेलों की ४x४०० मीटर मिश्रित रिले दौड़ में लगातार तीसरी बार पदक जीता। भारत ने २०१८ जकार्ता एशियाई खेलों में इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। वहीं २०२३ हांगझोऊ एशियाई खेलों में भारतीय टीम ने रजत पदक हासिल किया था। इस बार भारत ने रजत पदक के साथ इस स्पर्धा में पदक जीतने के क्रम को जारी रखा। मिश्रित रिले दौड़ में सफलता के बाद भारत की एशियाई खेल २०२६ में पदकों की संख्या बढ़कर १७ पहुंच गई है। इसमें एक स्वर्ण, सात रजत और नौ कांस्य पदक शामिल हैं। भारत पदक तालिका में अभी १५वें स्थान पर है। चीन ७८ स्वर्ण सहित कुल १२७ पदकों के साथ शीर्ष स्थान पर बना हुआ है।
इसी तरह भारत की सीमा कुमारी ने एशियाई खेलों में महिलाओं की १०००० मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। वह एशियाई खेलों की इस स्पर्धा में पदक जीतने वाली तीसरी भारतीय महिला एथलीट हैं। भारत को इस स्पर्धा में १६ साल बाद पदक प्राप्त हुआ है। सीमा ने ३२:५०:०५ मिनट में दौड़ पूरी की और तीसरे स्थान पर रहीं। सीमा दौड़ की शुरुआत से ही पदक की होड़ में शामिल थीं। एक समय वह चौथे स्थान पर पहुंच गई थीं, लेकिन उन्होंने असाधारण वापसी करते हुए जल्द ही कांस्य पदक सुनिश्चित कर लिया। स्पर्धा में स्वर्ण पदक बहरीन की विनफ्रेड यावी ने जीता। उन्होंने ३२:३९:१८ मिनट में दौड़ पूरी की। वहीं जापान की नोजोमी तनाका ने ३२:४१:५४ मिनट का समय निकालकर रजत पदक हासिल किया।





