नई दिल्ली: भारत के इतिहास में २० सितंबर की तारीख बहुत महत्वपूर्ण है। १८५७ में आज ही के दिन अंतिम मुगल बादशाह बहादुर शाह जफर को आत्मसमर्पण करना पड़ा था और उन्हें ब्रिटिश मेजर हडसन ने गिरफ्तार किया था।
देश-दुनिया के इतिहास में २० सितंबर की तारीख में दर्ज अन्य घटनाओं का सिलसिलेवार विवरण इस प्रकार है~
१५१९: पुर्तगाली खोजकर्ता फर्डीनांड मैगलन ने स्पेन से समुद्री यात्रा शुरू की, जो विश्व की पहली समुद्री परिक्रमा बनी।
१८३१: ब्रिटेन में भाप से चलने वाली पहली बस बनाई गई, जिसमें एक बार में ३० यात्री बैठ सकते थे।
१८५७: अंतिम मुगल बादशाह बहादुर शाह जफर ने अंग्रेजों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया, जिससे दिल्ली पर अंग्रेजों का पूर्ण कब्जा हो गया और मुगल साम्राज्य का अंत हो गया। उन्हें ब्रिटिश अधिकारी मेजर विलियम हडसन ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन पर मुकदमा चलाकर रंगून (अब म्यांमार) भेज दिया गया, जहां १८६२ में उनका निधन हो गया।
१८७८: प्रसिद्ध अंग्रेजी समाचार पत्र ‘द हिंदू’ के साप्ताहिक संस्करण का प्रकाशन मद्रास (अब चेन्नई) से शुरू हुआ था। इसकी शुरुआत चार कानून के छात्रों और दो शिक्षकों (जी. सुब्रमण्यम अय्यर, एम. वीरा राघवाचार्य, टी. टी. रंगाचार्य, पी. वी. रंगाचार्य, डी. केशव राव पंतुलु, एन. सुब्बा राव पंतुलु) ने मिलकर की थी, जिन्हें “ट्रिपलीकेन सिक्स” कहा जाता था। इनमें जी. सुब्रमण्यम अय्यर (प्रमुख संपादक) और एम. वीरा राघवाचार्य मुख्य थे। शुरुआत में यह एक साप्ताहिक पत्रिका थी। जनता के बीच इसकी बढ़ती लोकप्रियता के कारण १८८९ में यह दैनिक समाचार पत्र बन गया।
१९४६: कान्स फिल्म फेस्टिवल फ्रांस के कान्स शहर में शुरू हुआ था। यह फेस्टिवल २० सितंबर से ५ अक्टूबर १९४६ तक आयोजित किया गया था। यह मूल रूप से १९३९ में शुरू होना था, लेकिन दूसरे विश्व युद्ध के कारण इसे रद्द करना पड़ा था।
१९८३: भारत के पहले प्रायोगिक संचार उपग्रह एप्पल (एरियन पैसेंजर पेलोड एक्सपेरिमेंट) ने अंतरिक्ष में अपना काम पूरा करने के बाद काम करना बंद कर दिया था। इसरो द्वारा निर्मित इस ६७३ किलोग्राम के उपग्रह को १९ जून १९८१ को फ्रेंच गुयाना से यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के एरियन-१ रॉकेट के जरिए अंतरिक्ष में भेजा गया था। उपग्रह में मौजूद हाइड्राजीन ईंधन समाप्त होने के कारण सितंबर १९८३ में यह सेवा से बाहर हो गया।
१९९५: संयुक्त राष्ट्र महासभा का ५०वां सत्र शुरू हुआ था। इसी वर्ष संयुक्त राष्ट्र ने अपनी स्थापना की ५०वीं वर्षगांठ भी मनाई थी।
२०००: तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और उनकी पत्नी हिलेरी क्लिंटन को ‘व्हाइटवाटर कांड’ के सभी आरोपों से पूर्ण रूप से मुक्त कर दिया गया था। जांच रिपोर्ट में क्लिंटन दंपति के खिलाफ किसी भी आपराधिक गतिविधि में जानबूझकर शामिल होने का पर्याप्त प्रमाण न मिलने का निष्कर्ष निकाला गया था। स्वतंत्र वकील रॉबर्ट रे ने करीब ६ साल चले इस लंबे अनुसंधान को आधिकारिक रूप से बंद करने की घोषणा की थी।
२००१: अमेरिका ने अपनी सैन्य तैयारी को तीव्र करते हुए खाड़ी क्षेत्र में लगभग १५० लड़ाकू विमान और बमवर्षक विमान तैनात किए थे। खाड़ी क्षेत्र में लड़ाकू विमानों की यह तैनाती मुख्य रूप से अल-कायदा और अफगानिस्तान में उसे शरण देने वाले तालिबान नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अमेरिकी घेराबंदी का पहला ठोस कदम था।
२००३: संयुक्त राष्ट्र महासभा ने एक प्रस्ताव पारित कर इजराइल से फिलिस्तीनी नेता यासिर अराफात की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें देश से निकालने की धमकियों को रोकने के लिए कहा था।
२००४: इंडोनेशिया में ऐतिहासिक राष्ट्रपति चुनाव का दूसरा तथा अंतिम चरण हुआ था, जिसमें देश के नागरिकों ने पहली बार प्रत्यक्ष मतदान के जरिए अपने नए राष्ट्रपति का चयन किया था। इस चुनाव में सुसीलो बामबांग युधोयोनो ने मेगावती सुकर्णोपुत्री को हराकर जीत हासिल की और इंडोनेशिया के पहले प्रत्यक्ष निर्वाचित राष्ट्रपति बने।
२००६: ब्रिटेन के रॉयल बोटेनिक गार्डन्स, केव के वैज्ञानिकों ने २०० साल पुराने बीजों से पौधे उगाने में सफलता पाई थी। ये बीज सन १८०३ में दक्षिण अफ्रीका से एक डच व्यापारी द्वारा चीन ले जाए जा रहे थे। रास्ते में ब्रिटिश नौसेना ने उस जहाज को कब्जे में ले लिया और ये बीज एक नम टॉवर की तिजोरी के भीतर बंद रहे। उन्होंने आधुनिक तकनीक का प्रयोग कर इन बीजों को उगाने का प्रयास किया। वैज्ञानिकों के आश्चर्य की सीमा न रही जब इन २०० साल पुराने बीजों से ‘लुपिन’ प्रजाति का पौधा सफलतापूर्वक उग आया।
२००६: बहरीन में विश्व कन्नड़ संस्कृति सम्मेलन का आयोजन किया गया था। इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य कन्नड़ भाषा, साहित्य और संस्कृति को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देना और प्रवासी कन्नड़ समुदाय को एक जगह लाना था।
२००६: १५ साल के लंबे अंतराल के बाद बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में ‘भारत महोत्सव’ का आयोजन पुनः शुरू हुआ था। लगभग चार महीने तक चले इस महोत्सव के दौरान भारतीय कला प्रदर्शनी, शास्त्रीय नृत्य तथा संगीत, बॉलीवुड फिल्म स्क्रीनिंग, फैशन शो, योग कार्यशाला और प्रसिद्ध भारतीय व्यंजनों का भव्य आयोजन किया गया था।
२००९: मराठी फिल्म ‘हरिश्चंद्राची फैक्ट्री’ को ऑस्कर अवार्ड्स की विदेशी फिल्म श्रेणी में भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चुना गया।
२०१२: भारत की राजभाषा हिंदी विश्व में दूसरी सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषा है। बहुभाषी भारत के हिंदी भाषी राज्यों की जनसंख्या ४६ करोड़ से अधिक है।
२०१८: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और विश्व चैंपियन भारोत्तोलक मीराबाई चानू को देश के सबसे बड़े खेल सम्मान ‘राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार’ (अब मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार) से सम्मानित करने की आधिकारिक घोषणा की गई थी।
२०१९: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए घरेलू कंपनियों के लिए कॉर्पोरेट टैक्स घटाकर २५.१७% (सरचार्ज और सेस सहित) कर दिया था। नई विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) कंपनियों के लिए इसे १५% किया गया।
२०१९: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक हफ्ते की अमेरिका यात्रा के लिए दिल्ली से रवाना हुए। उन्हें ह्यूस्टन में ‘हाउडी मोदी’ कार्यक्रम को संबोधित करना था।
२०१९: पश्चिम बंगाल के हलदिया पेट्रोकेमिकल्स की नैफ्था यूनिट में भीषण आग लग गई, जिसमें १० से १२ लोग झुलसकर घायल हो गए।
२०२०: मोदी सरकार ने तीव्र विरोध के बीच राज्यसभा में कृषि विधेयक (कृषक उपज व्यापार और वाणिज्य विधेयक, तथा मूल्य आश्वासन और कृषि सेवा पर करार विधेयक) पेश किया। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने ये विधेयक सदन में रखे थे।
२०२०: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टिकटॉक और ओरेकल के बीच संभावित समझौते को हरी झंडी दिखाई थी।
२०२१: कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी ने पंजाब के १६वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।
२०२२: भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने केंद्रीय कानून मंत्री को पत्र लिखकर राजनीतिक दलों को मिलने वाले अज्ञात नकद चंदे की सीमा २०,००० रुपये से घटाकर २,००० रुपये करने की सिफारिश की, ताकि चुनावी फंडिंग में पारदर्शिता लाई जा सके।
२०२२: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने सौरव गांगुली के नेतृत्व वाली क्रिकेट समिति द्वारा की गई सिफारिशों के बाद क्रिकेट के नियमों में कई ऐतिहासिक बदलावों को मंजूरी दी (जैसे: मांकडिंग को आधिकारिक रन-आउट मानना और लार के इस्तेमाल पर स्थायी प्रतिबंध), जो १ अक्टूबर २०२२ से लागू होने थे।
२०२२: मेक्सिको के प्रशांत तट पर ७.६ तीव्रता का अत्यंत शक्तिशाली भूकंप आया, जिससे सुनामी की चेतावनी जारी की गई और भारी नुकसान हुआ।
२०२२: किर्गिस्तान-ताजिकिस्तान सीमा विवाद में दोनों देशों के बीच सीमा पर भीषण हिंसक झड़पें हुईं, जिनमें ९४ से अधिक लोगों की मौत हो गई।
२०२३: भारतीय संसद के विशेष सत्र के दौरान लोकसभा में पेश किए गए ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ (महिला महिला आरक्षण विधेयक) पर लंबी बहस हुई, जिसमें विभिन्न राजनीतिक दलों ने अपने पक्ष और मांगें रखीं।
२०२३: अज़रबैजान और नागोर्नो-काराबाख के स्थानीय अधिकारियों के बीच दो दिन के संघर्ष के बाद युद्धविराम पर सहमति बनी।
२०२४: तिरुपति मंदिर के प्रसाद (लड्डू) में इस्तेमाल होने वाले घी में जानवरों की चर्बी और मछली का तेल मिलने की प्रयोगशाला रिपोर्ट सार्वजनिक होने के बाद देशभर में बड़ा विवाद और विरोध प्रदर्शन हुआ।
२०२४: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ में ३१ मार्च २०२६ तक वामपंथी उग्रवाद को पूरी तरह समाप्त करने का संकल्प दोहराया और नक्सलियों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी।
२०२४: बॉम्बे हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें केंद्र सरकार के खिलाफ ऑनलाइन गलत जानकारी की पहचान के लिए फैक्ट-चेक यूनिट बनाने की मांग की गई थी।
२०२५: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से टेलीफोन पर सार्थक बातचीत की, जिसमें व्यापार, रूस-यूक्रेन युद्ध और टिकटॉक से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
२०२५: मणिपुर के बिष्णुपुर जिले के नामबोल इलाके में आतंकवादियों ने असम राइफल्स की गाड़ी पर घात लगाकर हमला किया, जिसमें दो जवान शहीद हो गए और अन्य पांच घायल हो गए।
२० सितंबर को जन्मे व्यक्ति~
१५४७: फैजी – मध्यकालीन भारत के एक विद्वान साहित्यकार और फारसी के प्रसिद्ध कवि। वे अकबर के नवरत्नों में से एक थे।
१८५६: श्री नारायण गुरु – भारत के महान संत, दार्शनिक और समाज सुधारक। उन्होंने केरल में जातिवाद के खिलाफ सामाजिक क्रांति की शुरुआत की थी।
१८७८: अप्टन सिंक्लेयर – पुलित्जर पुरस्कार विजेता अमेरिकी उपन्यासकार।
१८९७: नाना साहेब परुलेकर – महाराष्ट्र के प्रसिद्ध पत्रकार और मराठी दैनिक समाचार पत्र ‘सकाल’ के संस्थापक।
१९१०: डोरोथी वॉन – नासा की प्रसिद्ध गणितज्ञ।
१९११: श्रीराम शर्मा आचार्य – प्रसिद्ध भारतीय आध्यात्मिक नेता, स्वतंत्रता सेनानी और ‘अखिल विश्व गायत्री परिवार’ के संस्थापक।
१९२३: ए. नागेश्वर राव – तेलुगु सिनेमा के दिग्गज अभिनेता तथा निर्माता। उन्हें भारतीय सिनेमा के सर्वोच्च सम्मान ‘दादासाहेब फाल्के पुरस्कार’ से भी सम्मानित किया जा चुका है।
१९३४: सोफिया लोरेन – इटली की ऑस्कर विजेता महान अभिनेत्री।
१९४१: डेल चिहुली – विश्व प्रसिद्ध अमेरिकी ग्लास मूर्तिकार।
१९४२: राजिंदर गोयल – भारत के उत्कृष्ट प्रथम श्रेणी के क्रिकेटर और बाएं हाथ के स्पिनर। रणजी ट्रॉफी के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड इन्हीं के नाम है।
१९४८: जी. आर. आर. मार्टिन – ‘गेम ऑफ थ्रोन्स’ के प्रसिद्ध अमेरिकी लेखक।
१९४८: महेश भट्ट – दिग्गज बॉलीवुड फिल्म निर्माता तथा निर्देशक।
१९७३: कैलाश चौधरी – भारतीय जनता पार्टी के राजनीतिज्ञ।
१९८४: सौंदर्या रजनीकांत – तमिल सिनेमा की नामी ग्राफिक्स डिजाइनर, फिल्म निर्माता तथा निर्देशक। वे सुपरस्टार रजनीकांत की छोटी बेटी हैं।
१९८८: हबीब नूरमागोमेदोव – अपराजित लेजेंडरी एमएमए रूसी फाइटर।
२० सितंबर को हुए निधन~
१३८८: सुल्तान फिरोज शाह तुगलक (तृतीय) – दिल्ली सल्तनत के तुगलक वंश के शासक। वे गयासुद्दीन तुगलक के छोटे भाई सिपहसालार रजब के बेटे थे और मोहम्मद बिन तुगलक की मृत्यु के बाद १३५१ में दिल्ली की गद्दी पर बैठे थे। उन्होंने जौनपुर, फिरोजाबाद, हिसार, फतेहाबाद और फिरोजपुर जैसे कई महत्वपूर्ण शहरों की स्थापना की।
१९२७: मोहम्मद बरकतउल्ला – भारत के स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले प्रसिद्ध क्रांतिकारी।
१९२८: नारायण गुरु – भारत के महान संत, दार्शनिक और केरल के प्रसिद्ध समाज सुधारक।
१९३३: एनी बेसेंट – प्रख्यात समाज सुधारक, थियोसोफिस्ट और भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय योगदान देने वाली ब्रिटिश महिला। वे १८९३ में भारत आईं और यहां भारतीय संस्कृति, शिक्षा और समाज सुधार के लिए काम किया। सन १९१६ में उन्होंने बाल गंगाधर तिलक के साथ मिलकर होम रूल आंदोलन की शुरुआत की थी।
१९३६: पंडित विष्णु नारायण भातखंडे – हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत के महान विद्वान, संगीतकार और संगीत-शास्त्र के पुनरुद्धारक।
१९४२: कनकलता बरुआ – असम की वीर बेटी, जो ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ के दौरान गोहपुर थाने में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के क्रम में ब्रिटिश पुलिस की गोली से शहीद हो गई थीं। शहादत के समय उनकी उम्र महज १७-१८ वर्ष थी।
१९९९: रायसा गोर्बाचोव – सोवियत संघ के अंतिम राष्ट्रपति मिखाइल गोर्बाचोव की पत्नी तथा समाजशास्त्री।
१९९९: टी. आर. राजकुमारी – तमिल सिनेमा की पहली ‘ड्रीम गर्ल’ या ‘स्वप्न सुंदरी’ के नाम से विख्यात अभिनेत्री। उनकी बहुचर्चित फिल्म ‘हरिदास’ ने चेन्नई (तत्कालीन मद्रास) के एक ही सिनेमाघर में लगातार ११४ हफ्तों तक चलकर ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया था।
२००७: सिमोन कैपोन – फ्रांस की तत्कालीन सबसे उम्रदराज महिला। ११३ वर्ष की आयु में उनका निधन हुआ था।
२००९: प्रभा खेतान – हिंदी भाषा की प्रतिष्ठित उपन्यासकार, कवयित्री, नारीवादी चिंतक तथा समाजसेविका।
२०१५: जगमोहन डालमिया – भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के पूर्व अध्यक्ष तथा नामी व्यापारी।
२०१६: कर्टिस हैन्सन – ऑस्कर विजेता अमेरिकी फिल्म निर्देशक तथा पटकथा लेखक।
२०१७: शकीला – हिंदी सिनेमा में १९५०-६० के दशक की प्रसिद्ध अभिनेत्री।
२०२१: महंत नरेंद्र गिरी – अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष। प्रयागराज स्थित बाघंबरी मठ में संदिग्ध परिस्थितियों में उनका निधन हुआ था।
२० सितंबर के महत्वपूर्ण अवसर तथा उत्सव~
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) स्थापना दिवस: भारत सरकार के रेल मंत्रालय के अंतर्गत एक प्रमुख केंद्रीय सशस्त्र बल है, जो रेलवे संपत्ति, यात्रियों और यात्री क्षेत्रों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालता है। इसकी स्थापना आरपीएफ अधिनियम, १९५७ के तहत हुई थी। संसद द्वारा संशोधन किए जाने के बाद २० सितंबर १९८५ को इसे संघ के सशस्त्र बल का दर्जा मिला, और हर साल २० सितंबर को इसका स्थापना दिवस मनाया जाता है।
विश्व स्वच्छता दिवस: यह दिन दुनिया भर में पर्यावरण संरक्षण, कचरा प्रबंधन और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए मनाया जाता है। इसकी शुरुआत वर्ष २००८ में एस्टोनिया से हुई थी।
पत्नी प्रशंसा दिवस: यह सितंबर के तीसरे रविवार को मनाया जाता है, जिसमें जीवनसाथी के प्रति आभार व्यक्त किया जाता है।





