ईटानगर: अरुणाचल प्रदेश कर्मचारी चयन बोर्ड (एपीएसएसबी) द्वारा आयोजित संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा २०२६ का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया गया है। बोर्ड ने योग्यता और वरीयता के आधार पर विभिन्न पदों के लिए कुल १३९ अभ्यर्थियों को नियुक्ति एवं सेवा के लिए अनुशंसित किया है।
जारी परिणाम के अनुसार, सर्वाधिक अपर डिवीजन क्लर्क के पद पर १०१ अभ्यर्थी अनुशंसित हुए हैं। इसी प्रकार, व्यक्तिगत सहायक (स्टेनोग्राफर ग्रेड-III) पद के लिए ३६ तथा लाइब्रेरियन पद के लिए २ अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं।
परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने सफल अभ्यर्थियों को बधाई दी है। सोशल मीडिया के माध्यम से शुभकामना संदेश देते हुए मुख्यमंत्री खांडू ने सार्वजनिक सेवा का नया अध्याय शुरू करने जा रहे सभी अभ्यर्थियों के उज्ज्वल और सफल कार्यकाल की कामना की है।





