सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी शहर में ट्रैफिक जाम और पार्किंग की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से कंचनजंघा स्टेडियम के मेला मैदान में ₹ १.६५ करोड़ की लागत से एक आधुनिक पार्किंग लॉट का निर्माण किया जाएगा। गुरुवार को पश्चिम बंगाल सरकार के पर्यटन एवं संसदीय कार्य मंत्री डॉ. शंकर घोष ने इस परियोजना का शिलान्यास किया।
यह पहल मुख्य रूप से विधान मार्केट और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक जाम की समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए की गई है। मेला मैदान में आंशिक रूप से पार्किंग पहले ही शुरू हो चुकी है, जिसे अब और विकसित किया जाएगा। मंत्री डॉ. घोष के अनुसार, दुर्गा पूजा से पहले पार्किंग सुविधा के बड़े हिस्से को चालू करने का लक्ष्य है, जबकि पूरे प्रोजेक्ट को १५ अक्टूबर तक पूरा करने की योजना है।
इस परियोजना का वित्तपोषण सिलीगुड़ी जलपाईगुड़ी विकास प्राधिकरण द्वारा किया जाएगा। योजना के तहत पेवर ब्लॉक लगाना, सीसीटीवी कैमरे लगाना और सौंदर्यीकरण का काम शामिल है। इसके अलावा, मंत्री ने संकेत दिया कि शहर के बीचों-बीच मेले आयोजित करने के बजाय पर्याप्त पार्किंग वाले स्थानों (जैसे कावाखाली स्थित विश्व बांग्ला शिल्पी हाट) में मेले आयोजित किए जाएंगे।





