नई दिल्ली: पाकिस्तान ने एशियाई हॉकी महासंघ (एएचएफ) से अपनी एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी (एसीटी) के मैचों को आयोजक भारत से बाहर किसी तटस्थ स्थल पर स्थानांतरित करने का अनुरोध किया है। इसके लिए पाकिस्तान ने दोनों देशों के बीच संवेदनशील द्विपक्षीय स्थिति का तर्क दिया है। पाकिस्तान हॉकी महासंघ (पीएचएफ) के अनुसार, वे पुरुष एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी में देश की निर्बाध और पूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए तटस्थ स्थल चाहते हैं। पीएचएफ अध्यक्ष मोहिउद्दीन अहमद वानी ने बताया कि उन्होंने पूरे टूर्नामेंट या पाकिस्तान के सभी मैचों को तटस्थ स्थल पर स्थानांतरित करने का अनुरोध किया है।
वानी ने कहा कि यह फैसला पाकिस्तान और भारत के बीच वर्तमान संवेदनशील द्विपक्षीय स्थिति और वर्तमान सुरक्षा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए एक सुरक्षित, गरिमापूर्ण और अनुकूल माहौल सुनिश्चित करना है।
गौरतलब है कि एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी का आयोजन २७ अक्टूबर से ५ नवंबर तक पंजाब के मोहाली और जालंधर में किया जाएगा। टूर्नामेंट में आयोजक भारत के साथ-साथ पाकिस्तान, मलेशिया, चीन, जापान और दक्षिण कोरिया की टीमें हिस्सा लेंगी। पाकिस्तान ने भारत के साथ राजनीतिक तनाव के कारण पिछले साल भारत में हुए एशिया कप में भाग नहीं लिया था।
जालंधर में २७ अक्टूबर से २ नवंबर तक उद्घाटन समारोह के साथ सभी लीग चरण के मैच खेले जाएंगे। इसके बाद टूर्नामेंट मोहाली पहुंचेगा, जहां ४ नवंबर को सेमीफाइनल और ५ नवंबर को फाइनल मैच खेला जाएगा। फिलहाल तटस्थ स्थल की मांग के कारण एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी में भी पाकिस्तान की भागीदारी अनिश्चित हो गई है। इसके अलावा, पाकिस्तानी हॉकी टीम को भारत में होने वाले इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए अपनी सरकार से मंजूरी भी नहीं मिली है।





