हॉकी: एशिया कप में महिला जूनियर टीम तीसरी बार चैम्पियन

IMG-20260913-WA0104

​मोकी (चीन): भारतीय महिला जूनियर हॉकी टीम ने असाधारण प्रदर्शन करते हुए लगातार तीसरी बार एशिया कप का खिताब जीता। रविवार को खेले गए फाइनल में भारत ने चीन को १-० से पराजित किया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने जूनियर महिला हॉकी विश्व कप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया। भारत के लिए मैच में सानिका चंद्रकांत ने एकमात्र गोल किया, जो अंत में निर्णायक साबित हुआ। सानिका ने मैच के १७वें मिनट में एकमात्र गोल किया। इस तरह भारत ने एशिया कप में अपना वर्चस्व कायम रखते हुए खिताबी हैट्रिक पूरी की। मैच शुरू से ही उतार-चढ़ाव से भरा रहा और अधिक पज़ेशन रखते हुए चीन ने भारत पर दबाव बनाने का प्रयास किया। खिताब बचाने के दृढ़ संकल्प के साथ खेलने वाली भारतीय टीम ने भी जल्द ही गियर बदलकर मैच में वापसी की। भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही। फाइनल में चीन को हराने से पहले भारत ने सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को ५-१ से हराया था। जूनियर टीम के प्रदर्शन से खुश होकर हॉकी इंडिया ने भी नकद पुरस्कार की घोषणा की है। हॉकी इंडिया ने प्रत्येक खिलाड़ी के लिए ३ लाख रुपये और सहयोगी स्टाफ के प्रत्येक सदस्य के लिए १.५ लाख रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।

About Author

Advertisement